| दिंनाक: 07 May 2009 00:00:00 |
|
गत दिनों उदयपुर के हरिदास की मगरी स्थित सेवा भारती के चिकित्सालय का अवलोकन किया गया। अवलोकन सेवा भारती के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख श्री सुहास राव हिरमेठ ने किया। इस अवसर पर श्री हिरमेठ ने कहा कि सेवा की परम्परा भारतभूमि की विशेष उपज है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में सेवा के अनेक संदर्भ बताए गए हैं तथा सेवा को विशेष परिवर्तनकारी कारक माना गया है। आज भारतीय समाज में विषमता का जो दुखद दृश्य दिखाई देता है उसे सेवा द्वारा ही ठीक किया जा सकता है। श्री हिरमेठ ने कहा कि बड़े प्रकल्पों के साथ-साथ छोटे प्रकल्पों का भी अपना अलग महत्व है। ऐसे प्रकल्पों से वंचित वर्ग में जो आत्मविश्वास तथा अपनापन आया है वह सेवा भारती का उल्लेखनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि सेवा के वातावरण से ही समाज को जागृत व संगठित किया जा सकता है।इस अवसर पर सेवा भारती कार्यकर्ताओं की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें प्रांत मंत्री व चिकित्सालय के प्रकल्प प्रमुख श्री यशवंत पालीवाल ने चिकित्सालय की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में सेवा भारती के स्थानीय कार्यकर्ताओं सहित प्रांत के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। द प्रतिनिधि33