सोने की कीमत भले ही हर दिन ऊपर-नीचे होती रहे, लेकिन इसे खरीदते समय लोगों की सबसे बड़ी चिंता इसकी शुद्धता को लेकर होती है। आखिर जिस गहने के लिए हजारों या लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वह वाकई उतना ही शुद्ध है या नहीं, यह जानना बेहद जरूरी है। सिर्फ गहने की चमक देखकर इसकी शुद्धता का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। ऐसे में खरीदारी के दौरान कुछ जरूरी निशानों को देखना और उनकी जांच करना आपको बड़ी परेशानी से बचा सकता है। अच्छी बात यह है कि अब हॉलमार्क वाले गहने की जानकारी मोबाइल से भी आसानी से जांची जा सकती है।
भारत में सोने और चांदी की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए हॉलमार्किंग की व्यवस्था है। इसे भारतीय मानक ब्यूरो यानी BIS नियंत्रित करता है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को निर्धारित मानकों के अनुसार शुद्धता वाला सोना और चांदी उपलब्ध कराना है। हॉलमार्क वाले सोने के गहने पर BIS का निशान, फाइननेस ग्रेड और 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक HUID नंबर दिया जाता है। इसलिए गहना खरीदने से पहले इन निशानों को ध्यान से देखना चाहिए।
मोबाइल से ऐसे जांचें HUID
गहने पर दिए गए HUID नंबर की जानकारी जांचने के लिए BIS Care ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह BIS का आधिकारिक ऐप है। ऐप खोलने के बाद ‘Verify HUID’ विकल्प चुनें और गहने पर लिखा HUID नंबर दर्ज करें। इसके बाद गहने से जुड़ी उपलब्ध जानकारी ऐप पर दिखाई दे सकती है। इसमें ज्वेलर, हॉलमार्किंग सेंटर, आभूषण का प्रकार और हॉलमार्किंग से जुड़ी जानकारी शामिल हो सकती है। इससे ग्राहक गहने पर दी गई जानकारी को रिकॉर्ड से मिलाकर देख सकता है। सोने की शुद्धता अलग-अलग ग्रेड में होती है। 14K का फाइननेस 585, 18K का 750, 20K का 833, 22K का 916, 23K का 958 और 24K का 995 होता है। इसलिए खरीदारी के समय कैरेट और फाइननेस नंबर पर ध्यान देना जरूरी है। हॉलमार्क वाली चांदी के गहनों की जानकारी भी BIS Care ऐप के जरिए जांची जा सकती है। चांदी में 800, 835, 925, 958, 970, 990 और 999 जैसे शुद्धता ग्रेड होते हैं। सोना या चांदी खरीदते समय केवल डिजाइन और कीमत पर ध्यान न दें। BIS का निशान और HUID नंबर जरूर जांचें। इसके अलावा दुकानदार से पक्का बिल भी लें और उसे सुरक्षित रखें। थोड़ी सी सावधानी बरतकर आप अपनी मेहनत की कमाई को गलत शुद्धता वाले गहने पर खर्च होने से बचा सकते हैं।











