मध्य प्रदेश में अभी मानसून सक्रिय चल रहा है। आसमान पर बादल छाए हुए हैं और नमी की वजह से उत्तरी हवाएं चल रही हैं। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम ओडिशा की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से अगले एक-दो दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं।
रीवा समेत कई जिलों में भारी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र की जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक रीवा में 38.6 मिमी बारिश हुई। सतना में 24.9 मिमी पानी गिरा और मंडला में 16 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भोपाल में रविवार को दिन भर बादल छाए रहे। नमी और बादलों के कारण सीधी और सतना में दिन का तापमान चार डिग्री से ज्यादा गिर गया। सागर, रीवा, रायसेन, छतरपुर जिले के नौगांव, मंडला और गुना में तापमान तीन डिग्री तक कम हुआ।
इसे भी पढ़ें: पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कच्चे तेल में उबाल, 90 डॉलर के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड
इन जिलों में पड़ सकती हैं तेज बौछारें
प्रदेश के पूर्वी इलाकों में मौसम सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से आज भी कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर समेत 11 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ हवाएं चलेंगी। एक सितंबर यानी कल सीधी, उमरिया और मंडला जिलों में गरज-चमक तथा तेज हवाओं के साथ अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
दो दिन बाद तेज होगा बारिश का सिलसिला
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि दो और तीन सितंबर से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में जोरदार वर्षा शुरू होने के आसार हैं। सिस्टम आगे बढ़ने के बाद चार और पांच सितंबर को भोपाल सहित मध्य क्षेत्र के जिलों में तेज बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है और यही सिस्टम प्रदेश में बारिश बढ़ाने वाला है।













