देशभर में मानसून एक बार फिर अपना असर दिखा रहा है। आज यानी 21 अगस्त को कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है। अगर आप घर से बाहर निकलने वाले हैं, खेत में काम करते हैं या किसी पहाड़ी इलाके में यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो मौसम की जानकारी जरूर ले लें। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवा और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में कई जिलों में बारिश
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, झांसी और बिजनौर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली में आज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। वहीं बिहार के पटना, गया, बक्सर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। शिवपुरी, गुना, भोपाल, सागर, ग्वालियर और रायसेन समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
तेज बारिश और आंधी से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को खुले खेतों में काम करते समय मौसम का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ के नीचे या खुले मैदान में खड़े होने से बचें। नदी और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों तथा मछुआरों को भी खराब मौसम में पानी के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। आज कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है, इसलिए जरूरी काम होने पर ही सावधानी के साथ घर से बाहर निकलें।
















