ईरान के साथ अमेरिका की ये जंग उनकी उम्मीद से कहीं अधिक खिंच गई है। इस कारण एक बार फिर से धमकियों पर उतर आए हैं। ईरान को कुचलने में असफल रहे ट्रंप अब ओमान को धमकाने की कोशिशें कर रहे हैं। उन्होंने ओमान-ईरान के बीच हो रही बातचीत पर ओमान को धमकी दी कि वह बीच में आया तो उस पर भी बमबारी शुरू देंगे। ये धमकियां ऐसे वक्त उन्होंने दी हैं, जब दोनों तरफ से बातचीत ठप पड़ी हुई है।
क्या कहते हैं ट्रंप
ट्रंप ने फॉक्स न्यूज से बात करते हुए कहा कि ईरान को अमेरिका के साथ चल रही जंग खत्म करने के लिए सफेद झंडा फहराना चाहिए। इससे पहले सोमवार को उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया था कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य यही है कि ईरान किसी भी हाल में परमाणु हथियार न बना सके। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य हमेशा से रहा है और रहेगा।
जून वाले अंतरिम समझौते की स्थिति
जून में अमेरिका और ईरान के बीच एक अंतरिम समझौता (एमओयू) हुआ था। इसमें दोनों तरफ से तुरंत और स्थायी रूप से सैन्य कार्रवाई रोकने की बात कही गई थी। लेकिन यह समझौता जल्दी ही टूट गया। ट्रंप ने 7 जुलाई को इसे खत्म घोषित कर दिया। एक हफ्ते बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने इसे निलंबित बता दिया।
उस समझौते के तहत दोनों देश अधिकतम 60 दिनों में अंतिम समझौते पर बातचीत करने के लिए तैयार हुए थे। इसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे बड़े मुद्दे भी शामिल थे। सोमवार को ठीक 60 दिन पूरे हो गए।
इसे भी पढ़ें: छात्रों के आगे झुकी झारखंड सरकार, परीक्षाएं रद्द, देवेंद्र नाथ महतो ने तोड़ा अनशन
होर्मुज पर ओमान-ईरान बातचीत
इस बीच ओमान और ईरान अलग से बातचीत कर रहे हैं। दोनों देश होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही फिर से शुरू करने पर चर्चा कर रहे हैं। जंग शुरू होने से पहले इस रास्ते से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और एलएनजी की सप्लाई होती थी। फरवरी के अंत में अमेरिका-इजरायल की ईरान पर कार्रवाई शुरू होने के बाद यह रास्ता प्रभावित हो गया।
होर्मुज पर ओमान और ईरान की बातचीत के संदर्भ में ट्रंप ने फॉक्स न्यूज से कहा, “अगर ओमान बीच में आएगा तो हम उन पर बमबारी कर देंगे।”
ईंधन की कीमतें और घरेलू दबाव
होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर विवाद की वजह से ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं। नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से पहले यह जंग अमेरिका में काफी अलोकप्रिय हो गई है। लोग कांग्रेस का नियंत्रण तय करने वाले इन चुनावों को लेकर दबाव महसूस कर रहे हैं।
ट्रंप ने फॉक्स न्यूज से साफ कहा कि मिडटर्म चुनाव उनके फैसले पर कोई असर नहीं डाल रहे।
















