धार्मिक गंगा नगरी हरिद्वार में करोड़ों शिव भक्तों की आस्था का केंद्र रहे कांवड़ मेले के खत्म होने के बाद अब नगर निगम के सामने फिर से गंगा घाटों की सफाई और उन्हें व्यवस्थित करने की बड़ी चुनौती है। कांवड़ मेले के दौरान देशभर से करीब साढ़े चार करोड़ शिव भक्त हरिद्वार पहुंचे, जिन्होंने हर की पौड़ी और आसपास के घाटों से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। मेले के दौरान नगर निगम की टीमें लगातार सफाई व्यवस्था में लगी हुई थीं, लेकिन अब मेला खत्म होने के बाद हर की पौड़ी समेत आसपास के गंगा घाटों पर बड़े पैमाने पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है।
घाटों की सफाई में जुटा नगर निगम, रात तक पूरा होगा अभियान
हरिद्वार नगर निगम ने बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों को मैदान में उतारा है और घाटों से कूड़ा उठाने से लेकर उसके निस्तारण तक का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने खुद हरकी पैड़ी पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि घाटों को जल्द से जल्द पूरी तरह साफ किया जाए। नगर आयुक्त के मुताबिक कांवड़ मेले के दौरान हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा हुआ है, जिसका अनुमान करीब सात हजार मीट्रिक टन लगाया गया है। नगर निगम की कोशिश है कि विशेष अभियान चलाकर आज रात तक हरकी पैड़ी सहित प्रमुख घाटों से कूड़ा हटाने का काम पूरा किया जाए। इसके लिए सफाई टीमों को लगातार शिफ्ट में लगाया गया है, ताकि कांवड़ मेले के बाद गंगा घाटों को दोबारा स्वच्छ और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थित स्वरूप में लाया जा सके।

















