देशभर में करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) एक महत्वपूर्ण बचत योजना है। हर महीने कर्मचारी और कंपनी, दोनों पीएफ खाते में पैसा जमा करते हैं, जिस पर सरकार तय दर से ब्याज देती है। अब ईपीएफओ ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज खातों में जमा करना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं, जिन सदस्यों का मोबाइल नंबर पीएफ खाते से जुड़ा हुआ है, उन्हें SMS भेजकर इसकी जानकारी भी दी जा रही है। अगर आपके फोन पर EPFO का मैसेज आया है, तो एक बार अपना पीएफ बैलेंस जरूर चेक कर लें।
समय से पहले खातों में पहुंचा ब्याज
हर साल ईपीएफओ अपने सदस्यों के पीएफ खाते में ब्याज जोड़ता है। पहले पीएफ का ब्याज सितंबर तक खातों में आता था, लेकिन इस बार नई ऑटोमेटिक व्यवस्था की वजह से ब्याज पहले ही जमा कर दिया गया है। इस साल पीएफ पर 8.25% की दर से ब्याज मिला है। यानी अगर आपके पीएफ खाते में 5 लाख रुपये जमा हैं, तो आपको एक साल में करीब 41,250 रुपये ब्याज मिलेगा।
SMS से मिली जानकारी
ईपीएफओ अपने करोड़ों सक्रिय सदस्यों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS भेज रहा है। इस मैसेज के जरिए बताया जा रहा है कि उनके खाते में ब्याज की राशि जोड़ दी गई है। अगर आपको अभी तक SMS नहीं मिला है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कई बार तकनीकी कारणों से संदेश मिलने में थोड़ा समय लग सकता है।
ऐसे चेक करें PF बैलेंस
अगर आप अपने पीएफ खाते का बैलेंस देखना चाहते हैं, तो सबसे आसान तरीका EPFO की पासबुक वेबसाइट है। वहां जाकर अपना UAN नंबर, पासवर्ड और कैप्चा भरकर लॉगिन करें। इसके बाद आपके सामने आपकी पूरी पासबुक खुल जाएगी, जिसमें जमा राशि और ब्याज की जानकारी दिखाई देगी।
SMS से भी जान सकते हैं बैलेंस
अगर आपके पास इंटरनेट नहीं है, तब भी आप अपना पीएफ बैलेंस जान सकते हैं। इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN ENG लिखकर 7738299899 पर SMS भेजें। अगर आप हिंदी या किसी दूसरी भाषा में जानकारी चाहते हैं, तो ENG की जगह उस भाषा का कोड लिख सकते हैं। कुछ ही देर में आपके मोबाइल पर पीएफ बैलेंस की जानकारी वाला मैसेज आ जाएगा।
UAN एक्टिव रखना जरूरी
पीएफ से जुड़ी सभी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने के लिए आपका UAN एक्टिव होना जरूरी है। साथ ही मोबाइल नंबर और KYC की जानकारी भी अपडेट होनी चाहिए। इससे आपको ब्याज, क्लेम और अन्य जरूरी अपडेट समय पर मिलते रहेंगे।















