देश में मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक कई जगहों पर लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई 2026 को महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर समेत कुल 23 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का भी अलर्ट है।
महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के लिए खास चेतावनी दी है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई और आसपास के तटीय इलाकों में लोग सतर्क रहें। विदर्भ क्षेत्र में भी भारी बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में काफी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
कहां-कहां बारिश?
एक डिप्रेशन झारखंड और ओडिशा के ऊपर बना हुआ है, जो धीरे-धीरे मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से उत्तर, पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश होगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का हाल
पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार बारिश हो सकती है। दक्षिण में केरल और कर्नाटक के तटीय तथा अंदरूनी इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
किन इलाकों में सबसे ज्यादा चेतावनी?
कोंकण, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश की खास चेतावनी दी गई है।
तेज हवाएं और आंधी का अलर्ट
बारिश के साथ कई जगहों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 60 किमी तक पहुंच सकती हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में इसका असर रहेगा। कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में 50-70 किमी प्रति घंटे तक तेज आंधी आ सकती है।
मध्य प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात
मध्य प्रदेश में लगातार बारिश से कुछ जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। यातायात पर भी असर पड़ा है। इस बीच लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। निचले इलाकों में पानी भर सकता है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा है। सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने से ट्रैफिक जाम हो सकता है। जरूरी न हो तो भारी बारिश में बाहर निकलने से बचें। स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
















