Hindu Attacked in Bangladesh: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) पर हिंदुओं पर हमले का गंभीर आरोप लगाया है। अवामी लीग का आरोप है कि बांग्लादेश में BNP कार्यकर्ता हिंदुओं के मंदिरों को तोड़ रहे हैं और उन पर हमला कर रहे हैं। बीएनपी कार्यकर्ता बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं को डरा धमकाकर देश छोड़ने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले बांग्लादेश में पीछले महीने ढाका के खिलखेत इलाके में स्थिति दुर्गा मंदिर को ढहा दिया गया था। कुमिला जिले में एक हिंदू महिला के साथ सामूहिक उत्पीड़न किया गया था।
बीएनपी के गुंडों ने तोड़ी हिंदू मंदिर की दो मूर्तियां
अवामी लीग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि बीएनपी नेता शहीदुल इस्लाम और उसके हथियारबंद गुंडों ने बिजॉय चंद्र रॉय के घर पर हमला किया। बिजॉय वहां हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। उनके ठाकुरगांव जिले के रुहिया थाना इलाके में धोलारहाट यूनियन में स्थित घर पर शनिवार को हमला किया गया।
बीएनपी (BNP) के कार्यकर्ताओं ने मानसा मंदिर में तोड़फोड़ की है। मंदिर की दो पवित्र मूर्तियों को भी तोड़ा गया है। हमलावरों ने अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के घरों में तोड़फोड़ की और उन्हें देश छोड़कर जाने की धमकी दी है।
अवामी लीग ने यूनुस सरकार पर उठाए सवाल
अवामी लीग ने हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर बीएनपी पर सवाल उठाया है और कहा क्या हिंसा, डराना-धमकाना, जातीय सफाया ही सरकार का लोकतंत्र का विचार है। अवामी लीग द्वारा लगातार बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस पर अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं को लेकर हमला किया जा रहा है।
आवामी लीग का कहना है कि मोहम्मद यूनुस की फासीवादी सरकार में बांग्लादेश में हिंदुओं पर उत्पीड़न जारी है। सरकार खुद हिंदुओं के खिलाफ हमला करा रही है।

















