
आशुतोष और सौरव दास को क्राइम ब्रांच ने दिया नोटिस
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े सौरभ दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तीनों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। उन्हें 22 अक्टूबर, गुरुवार को क्राइम ब्रांच के कार्यालय में पेश होकर जांच में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8:30 बजे तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद सौरभ दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने नोटिस दिया। वहीं, अजिंक्य शिंदे को भी इसी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
यह मामला 14 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से संबंधित है। पुलिस सरकारी आदेश की कथित अवहेलना और निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर प्रतिबंधित परिसर में प्रवेश करने के आरोपों की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में तीनों को क्राइम ब्रांच के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा सकती है। हालांकि, जांच पूरी होने और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद ही अगली कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। सौरभ दास और आशुतोष रांका को बुधवार को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट (SEM) के आदेश के बाद तिहाड़ जेल से रिहा किया गया। सुनवाई के दौरान उनके जमानतदारों से संबंधित दस्तावेज भी जमा किए गए। दोनों को 14 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान कथित नियम उल्लंघन और शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉन्ड की शर्तें तोड़ने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। शुरुआत में उन्हें पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
19 अक्टूबर को उनकी हिरासत दो दिनों के लिए बढ़ा दी गई थी। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए उन्हें SEM के समक्ष सुनवाई का इंतजार करने को कहा था। अब तीनों की क्राइम ब्रांच के सामने पेशी पर नजर रहेगी। पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।