मनोरंजन

टाइगर श्रॉफ पर हमला, कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग : लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी! सलमान खान का लिया नाम

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनसे बात की। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का वादा किया। वहीं पुलिस की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है कि हमला लॉरेंस गैंग ने ही किया है

Published by
Sudhir Kumar Pandey

मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ है। उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ जुहू इलाके में जब अपनी गाड़ी से एक मैदान से निकल रहे थे, तब उनकी कार पर तीन से चार राउंड फायरिंग की गई। उन्हें देखने के लिए वहां भारी भीड़ जमा थी। भीड़ के बीच से ही उनकी कार पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। मुंबई पुलिस के अनुसार, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गोली नहीं लगी है। वहीं पुलिस की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है कि हमला लॉरेंस गैंग ने किया है। जांच के बाद ही यह पता चलेगा कि हमलाकर कौन था और उसका क्या मकसद था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनसे बात की। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि हम सब आपके साथ हैं। आरोपियों का पता लगाकर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ लेंगे।

तीन लोगों ने किया हमला

मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने टाइगर श्रॉफ पर हमला किया। सोशल मीडिया पर एक स्क्रीन शॉट में लॉरेंस गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाला एक व्यक्ति हमले की जिम्मेदारी ले रहा है। वह अपना नाम अनिल पंडित बता रहा है। सलमान खान के साथ काम करने वाले अन्य लोगों को भी उसने धमकी दी है। खुद को अनिल पंडित बताने वाला व्यक्ति कह रहा है कि उसने टाइगर श्रॉफ पर इसलिए हमला किया क्योंकि उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज किया और सलमान खान के साथ काम करना जारी रखा। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि जेल में बंद लॉरेंस कई बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दे चुका है।

डीसीपी का बयान

डीसीपी मोहित गर्ग ने बताया कि घटना शाम 7 बजे के आस-पास की है। कुछ अज्ञात लोगों ने, जब टाइगर श्रॉफ अपना निजी कार्यक्रम समाप्त करके वापस रवाना हो रहे थे तो उन पर फायरिंग शुरू कर दी। टाइगर श्रॉफ को कोई चोटें नहीं आई हैं। वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। दो लोग घायल हुए हैं। एक का नाम फिरदौस है, उनके हाथ पर चोट आई है। वह भी खतरे से बाहर हैं। दूसरे घायल मिस्टर चौहान हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने घटना की गंभीरता को समझते हुए पर्याप्त संख्या में टीमें गठित की हैं। जांच के लिए 15 टीमें बना दी गई हैं। अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना वाली जगह से फॉरेंसिक टीम ने सबूत भी जुटा लिए हैं।

हमलावरों को उन्हीं की भाषा में देंगे जवाब

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि घटना चिंताजनक है, निंदाजनक है। पुलिस कमिश्नर और टाइगर श्रॉफ से भी बात की है। मुंबई पुलिस आयुक्त ने कई टीमें गठित की हैं। जिन्होंने फायरिंग की है, उन्हें पकड़ा जाएगा, ढूंढा जाएगा और उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। हमारी प्राथमिकता मुंबई और मुंबई की जनता को सुरक्षित रखने की है। अभिनेता हों या आम नागरिक, उनकी सुरक्षा पुलिस व सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें कहीं भी कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। जो भी गैंग होगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे पूरा विश्वास है कि पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करके आरोपियों को पकड़ेगी।

बीएमसी की ओर से बताया गया कि शाम 7:10 बजे एक 35 वर्षीय व्यक्ति को कूपर अस्पताल लाया गया। उसे शाम 6:30 बजे विले पार्ले वेस्ट में गोली लगी थी, जहां वह टाइगर श्रॉफ के शामिल एक फुटबॉल मैच की कवरेज कर रहा था। मरीज की हालत अभी स्थिर है।

Share

Recent News