केरल

केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन, बेटी और दामाद रियास पर गहराते संकट के बादल

ईडी ने समन जारी किया है। यह समन सीएमआरएल  और विजयन की बेटी वीणा विजयन की कंपनी 'एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस' के बीच हुए कथित संदिग्ध करीब 2.78 करोड़ रुपये वित्तीय के लेन-देन  से जुड़ा हुआ है।

Published by
अभय कुमार

प्रवर्तन निदेशालय ने केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को कथित मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड मनी लॉन्ड्रिंग और रिश्वत मामले में 23 अक्टूबर को पूछताछ के लिए कोच्चि कार्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया है। शनिवार, 17 अक्टूबर को ईडी के अधिकारियों ने तिरुवनंतपुरम में उनके आवास पर यह नोटिस चिपकाया है। इस कार्रवाई और आरोपों को लेकर केरल की राजनीति में भारी गतिरोध देखने को मिल रहा है।

समन जारी होने का कारण

ईडी का यह समन सीएमआरएल  और विजयन की बेटी वीणा विजयन की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ के बीच हुए कथित संदिग्ध करीब 2.78 करोड़ रुपये वित्तीय के लेन-देन  से जुड़ा हुआ है। इसे लेकर राज्य की विजिलेंस विंग ने विजयन, उनकी बेटी और उनके दामाद मोहम्मद रियास के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।

हाईकोर्ट से झटका और सुप्रीम कोर्ट का रुख

केरलम हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 15 अक्टूबर 2026 को पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी टी. वीना और दामाद एम. मोहम्मद रियास की याचिकाओं को खारिज कर दिया था। उन्होंने एकल न्यायाधीश के 9 अक्टूबर के उस आदेश के खिलाफ अपील की अनुमति मांगी थी, जिसमें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया था।  इसके बाद विजयन ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका के चलते सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है जिस पर अदालत दशहरा की छुट्टियों के बाद सुनवाई कर सकती है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा  का विरोध और राजनीतिक गतिरोध

भारतीय जनता युवा मोर्चा  के कार्यकर्ताओं ने इस भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के बाहर और राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन करते हुए उनसे  विपक्ष के नेता पद सहित सभी प्रकार के राजनीतिक जिम्मेदारी से इस्तीफा देने की मांग की है। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली।

 

Share