
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके का देश में लगातार विरोध हो रहा है। एक दिन पहले बुधवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) पर भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। जब वे एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे थे, तब एक शख्स चिल्लाते हुए कहा कि भाई देश को क्यों खराब कर रहे हो।
दीपके नागपुर से फ्लाइट लेकर दिल्ली पहुंचे थे। बाहर निकलते समय कुछ लोग उनकी तस्वीरें खींच रहे थे। उसी दौरान एक व्यक्ति बार-बार चीखते हुए कहने लगा – “क्यों देश खराब कर रहा है? क्यों देश खराब कर रहा है?” दीपके ने उस व्यक्ति की तरफ हाथ हिलाया, अंगूठा दिखाया और आगे बढ़ गए। उनके चारों तरफ सुरक्षाकर्मी मौजूद थे।
करीब 24 घंटे दिल्ली पुलिस की हिरासत में रहने के बाद 11 अक्टूबर को अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने घर चले गए थे। दादी के देहांत की वजह से उन्हें अपना आंदोलन बीच में छोड़कर घर लौटना पड़ा था। बुधवार को वे फिर दिल्ली वापस आए। इससे पहले 10 अक्टूबर को जब दीपके अपने साथियों सौरभ दास और आशुतोष रांका के साथ मुंबई से दिल्ली आए थे, तब विमान में भी कुछ यात्रियों ने उनका विरोध किया था। कुछ लोगों ने उन्हें गद्दार कहा और शर्म करने की बात कही थी।
इसे भी पढ़ें: डीप स्टेट साजिश: प्रदर्शनों के नाम पर विदेशी फंडिंग और वाशिंगटन पोस्ट का भारत-विरोधी नरैटिव, मैरी मिलबेन ने किया खारिज
अभिजीत दीपके इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी बनाकर कम समय में करीब ढाई करोड़ फॉलोअर्स जुटा चुके हैं। उन्हें पहले भी कई जगह विरोध का सामना करना पड़ा है। जयपुर में एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ मारा था। नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के दौरान उनके चेहरे पर स्याही फेंकी गई थी।
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सौरभ दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराने के कारण पांच दिन जेल भेजा गया है। दीपके ने इसे तानाशाही बताया और कहा कि ऐसा अंग्रेजों के राज में होता था। उन्होंने प्रधानमंत्री को डरपोक तानाशाह कहा और कहा कि वे इस पद के लायक नहीं हैं।