
जस्टिस सूर्यकांत
कांग्रेस अपनी सियासत चमकाने के लिए लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रही है। वह न केवल झूठ फैला रही है, बल्कि लोगों को भड़का भी रही है। ताजा मामला केरल कांग्रेस से जुड़ा है, जहां कांग्रेस ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) जस्टिस सूर्यकांत से इस्तीफे की मांग करते हुए एक पोस्ट किया। हालांकि, बाद में इस पोस्ट को डिलीट कर दिया गया।
मामला कुछ यूं है कि केरल कांग्रेस के आधिकारिक X अकाउंट से लिखा गया था – “डियर सूर्यकांत, अगर कानून-व्यवस्था आपका क्षेत्र नहीं है, तो अभी इस्तीफा दे दीजिए। हम आपकी जगह ऐसे व्यक्ति को ढूंढ लेंगे, जो इसे संभाल सके।”
जानकारों के अनुसार, 11 अक्टूबर को CJI सूर्यकांत ने विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात करने से इनकार कर दिया था। सोमवार को INDIA ब्लॉक के नेता दिल्ली में मार्च निकालकर CJI को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शनों और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पूछे जाने पर CJI ने कहा था कि यह कानून-व्यवस्था का मुद्दा है और यह उनके दायरे में नहीं आता। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सबके लिए खुले हैं।
उसी दिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। इसमें मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाने और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। याचिका में SIR के फैसले को अमान्य घोषित करने और इसकी कानूनी वैधता की जांच की मांग की गई थी।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली में 33 लाख मतदाताओं के SIR नोटिस में से 60% से ज्यादा वेरिफाइड, चुनाव आयोग ने आसान बनाई प्रक्रिया
कांग्रेस की इस नौटंकी पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने X पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वे पहले भी कह चुके हैं कि कांग्रेस का अगला निशाना न्यायपालिका है। रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारत की सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट करना चाहती है। उन्होंने लिखा कि सभी ‘एंटी-इंडिया गैंग’ एक साथ आ रहे हैं और देशभक्त भारतीय भी एकजुट होंगे।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने CJI के इस्तीफे की मांग वाले सोशल मीडिया बयानों की निंदा की। SCBA ने कहा कि ऐसे बयान न्यायपालिका को कमजोर करते हैं।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमिटी (KPCC) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने बताया कि पार्टी के आधिकारिक X अकाउंट पर यह आपत्तिजनक पोस्ट KPCC नेतृत्व की जानकारी, सहमति या सलाह के बिना डाला गया था। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति को पद से हटा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जोसेफ ने साफ किया कि कांग्रेस न्यायपालिका की निष्पक्षता से असहमत नहीं है और ऐसे पोस्ट पार्टी के आधिकारिक रुख को नहीं दर्शाते।