उत्तर प्रदेश

‘अयोध्या में एक बार किस्मत आजमा लिया जाए! तय हो ही जाए…’, अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का खुला चैलेंज

Published by
सुनील राय

लखनऊ। जनपद बलरामपुर में 803 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 78 विकास परियोजनाओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अखिलेश यादव मुझसे कहते हैं कि अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखा दें! अरे अखिलेश जी! अयोध्या हमारा पावन धाम है, मैं इसलिए जाता हूं जिससे अयोध्या के विकास में कोई कोताही न हो, उत्तरप्रदेश की पहचान पर कोई कलंक न लगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस अयोध्या को तुम 4 घंटे बिजली देते थे,जिस अयोध्या को तुमने गंदगी का अंबार बना दिया था, आज वह अयोध्या रामराज्य का उदाहरण बनकर त्रेतायुग का स्मरण करवा रही है। मैं आपको ऑफर करता हूं आप भी अयोध्या से नामांकन करिये, मैं भी करता हूं, चलिए एक बार किस्मत आजमा लिया जाए! तय हो ही जाए…लड़ाई चेलों से क्यों, लड़ाई सामने होनी चाहिए!

उन्होंने कहा कि ये माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले, उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले लोग, ये हमसे क्या लड़ेंगे, इनकी हिम्मत नहीं है। जनता पहले भी इनकी छुट्टी कर चुकी है, ये  खिसियानी बिल्ली तरीके हैं।

वोट बना बदलाव का कारण

उन्होंने कहा कि आपका एक वोट  आज  इस क्षेत्र के तरक्की का कारण बन रहा है। वही वोट इस क्षेत्र के बदलाव का कारण बन रहा है। पिछली सरकारों में अराजकता कैसे होती थी, जिस जमीन पर माफिया पैर रख देता था, उस जमीन पर उसका कब्जा हो जाता था। समाजवादी पार्टी के गुंडे जिस व्यापारी को फोन करके धमका देते थे, उसकी प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लेते थे। इस क्षेत्र में विकास की बात क्या करें 2017 के पहले सबसे खराब सड़के इसी जनपद की होती थी।

 

 

Share