अगर आज आपको बैंक जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, तो आपके लिए राहत की खबर है। बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल फिलहाल टल गई है। रविवार देर रात यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया। ऐसे में सोमवार को बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का असर नहीं पड़ेगा और ग्राहक अपने जरूरी काम सामान्य तरीके से करा सकेंगे। दरअसल, बैंक कर्मचारियों की कई मांगों को लेकर तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित थी। इनमें सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग सबसे प्रमुख थी। हड़ताल होने की स्थिति में बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता था। ऐसे में कैश जमा करने, पैसे निकालने, चेक से जुड़े काम, पेंशन और दूसरे जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए ग्राहकों को परेशानी हो सकती थी। लेकिन फिलहाल हड़ताल टलने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
आज बैंक खुले हैं या बंद?
हड़ताल स्थगित होने के बाद आज सरकारी और निजी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। यानी अगर आपका बैंक में कोई जरूरी काम है, तो आप शाखा में जाकर उसे करा सकते हैं। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आज कामकाज बंद नहीं रहेगा। हड़ताल टालने का फैसला रविवार रात करीब 9:30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में कर्मचारियों की मांगों और दूसरे लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
UFBU के मुताबिक, IBA की ओर से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल को स्थगित किया गया है। सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग पर चर्चा के लिए IBA और UFBU की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी ऐसा समाधान तलाशेगी, जिसमें कर्मचारियों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों के हितों का भी ध्यान रखा जाए। बैठक में स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) का मुद्दा भी उठाया गया। UFBU के अनुसार, इस योजना में बदलाव को लेकर IBA के साथ आगे बातचीत होगी। इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बातचीत में सामने आए दूसरे लंबित मुद्दों पर भी चर्चा जारी रहेगी। फिलहाल ग्राहकों के लिए राहत की बात यही है कि हड़ताल टल चुकी है और आज बैंकिंग कामकाज सामान्य रहेगा।















