
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान के साथ चल रहे तनाव को बड़ा दावा किया है। उन्होंने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि अमेरिका इस जंग को बहुत जल्दी जीत लेगा। साथ ही उन्होंने मिडटर्म चुनावों से पहले सैन्य कार्रवाई की संभावना को भी खुला रखा है।
ट्रंप ने रविवार को फॉक्स न्यूज से बात करते हुए बताया कि वे मानते हैं कि यह जंग जल्द खत्म हो जाएगी। उनके मुताबिक जैसे ही अमेरिका जीत हासिल करेगा, तेल की कीमतें तेजी से गिर जाएंगी और पहले जैसी हो जाएंगी। उन्होंने साफ कहा कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना ही असली मकसद है। उनके शब्दों में, “मुझे लगता है कि हम यह जंग बहुत जल्द जीत लेंगे। और जैसे ही हम जीतेंगे, तेल की कीमतें बहुत नीचे आ जाएंगी।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या मिडटर्म चुनावों से पहले अमेरिकी सैन्य हमले दोबारा हो सकते हैं, तो ट्रंप ने साफ जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कहना चाहता। संभव है, लेकिन मैं यह नहीं कहना चाहता।” उन्होंने दोहराया कि परमाणु हथियार रोकना सबसे जरूरी है।
ट्रंप ने ईरान की आर्थिक हालत पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह खराब हो चुकी है। उनके अनुसार ईरान की मुद्रा की कीमत गिर गई है और महंगाई लगभग 300 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने एक जगह 318 प्रतिशत का आंकड़ा भी दिया।
ईरान के विदेश मंत्री सय्यद अब्बास अरागची ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने एनबीसी न्यूज के मीट द प्रेस कार्यक्रम में कहा कि ईरान किसी भी नई अमेरिकी कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने इसे “डूम्सडे वॉर” तक कह दिया, लेकिन साथ ही कूटनीति का रास्ता भी खुला रखा। अराघची कहते हैं, “हम अपने राष्ट्रीय हितों की परवाह करते हैं। साथ ही कूटनीति के लिए भी तैयार हैं। अब यह राष्ट्रपति ट्रंप पर निर्भर है कि वे क्या चुनते हैं।”