जयपुर (राजस्थान)। लोकमंथन–2026 के निमित्त आयोजित होने वाली ‘लोकमंथन यात्रा – जयपुर महानगर’ का शुभारंभ श्री गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन और पूजन के पश्चात जलेबी चौक से अत्यंत भव्यता के साथ हुआ. लोकमंथन–2026 आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने यात्रा रथ को विधिवत रूप से रवाना किया.

इस यात्रा के दौरान पारंपरिक शाही लवाजमे, अनूठे लोक वाद्ययंत्रों, पारंपरिक परिधानों, अखाड़ों के खिलाड़ियों, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों तथा विभिन्न मनमोहक लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देश-विदेश से आए पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया. यात्रा के पूरे मार्ग में सुंदर रंगोलियां सजाई गईं तथा अनेक स्थानों पर व्यापार मंडलों और प्रबुद्ध समाजजनों द्वारा पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया.
विभिन्न मार्गों से होते हुए महारानी कॉलेज पहुंची यात्रा, 5000 से अधिक लोग रहे मौजूद
यह भव्य यात्रा हवामहल, बड़ी चौपड़ और अल्बर्ट हॉल जैसे ऐतिहासिक मार्गों से गुजरते हुए अंत में महारानी कॉलेज पहुँची. महारानी कॉलेज परिसर में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं वैचारिक कार्यक्रमों में लगभग 5000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की.

“लोकमंथन यात्रा के माध्यम से हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं का जो अदभुत संगम देखने को मिला है, वह हमारी युवा पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का एक अनूठा प्रयास है।”

विशेष रूप से इस आयोजन में 3500 से अधिक महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिससे युवाओं में अपनी संस्कृति के प्रति भारी उत्साह और जागरूकता देखने को मिली. इस प्रकार यह आयोजन पूरी तरह से सांस्कृतिक एकता और लोक जागरण का एक बड़ा केंद्र बन गया.












