लखनऊ, 23 सितम्बर 2026 : आगामी दीपावली के अवसर पर अयोध्याधाम में दीपोत्सव के दौरान 26,50,101 दीयों का प्रज्ज्वलन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी प्राप्ति के लिए राम की पैड़ी, लक्ष्मण किला घाट, चौधरी चरण सिंह घाट एवं भजन संध्या स्थल घाट सहित कुल 56 घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित करने की कार्ययोजना तैयार की गयी है। दीप प्रज्ज्वलन का कार्य 35,000 वालंटियर्स द्वारा किया जायेगा।
दीपोत्सव के लिए गिनीज बुक विश्व रिकार्ड बनाया जाता था लेकिन अबकी बार अयोध्या दीपोत्सव रिकार्ड के नाम से जाना जायेगा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि दीपोत्सव-2026 का आयोजन भव्य व अलौकिक ढंग से किया जाना चाहिए।
राम की पैड़ी से ड्रोन लाइट शो और सरयू आरती स्थल पर ग्रीन फायर शो
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राम की पैड़ी मंच से ड्रोन लाइट शो का आयोजन किया जायेगा। सरयू आरती स्थल स्थित मंच से ग्रीन फायर शो का भी व्यवस्था की गयी है।
रामकथा पार्क में विभिन्न देशों एवं अन्य प्रदेशों की रामलीलाओं का मंचन होगा। 240 से अधिक प्रमुख मंदिर मठों द्वारा स्वयं से दीप प्रज्ज्वलित कराये जायेगे एवं लाइटिंग व्यवस्था तीर्थ विकास परिषद अयोध्या के माध्यम से की जायेगी।
इसके अलावा जनपद के प्रमुख 25 चौराहों पर उद्योग एवं व्यापार संगठनों द्वारा दीप जलाये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की अपेक्षा के अनुसार आगन्तुकों एवं आमंत्रित सदस्यों की सूची तैयार की जाये तथा राष्ट्राध्यक्षों को भी आमंत्रित किया जाये।
दीपोत्सव के आयोजन पर 6 करोड़ 75 लाख रुपये खर्च होने की संभावना
बैठक में बताया गया कि दीपोत्सव-2026 में दीया एवं सरसों के तेल की आपूर्ति, विभिन्न सामग्रियों की आपूर्ति जैसे टी-शर्ट, कपूर, पेंट आदि इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्वयं सेवकों के भोजन आपूर्ति आदि एवं विभिन्न मंदिरों, मठों एवं प्रमुख स्थानों पर लाइटिंग का कार्य एवं इवेन्ट मैनेजमेंट का कार्य हेतु 6 करोड़ 75 लाख रूपये की अनुमानित धनराशि व्यय होने की संभावना है।
संस्कृति विभाग द्वारा दीपोत्सव के स्थल पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें आईसीसीआर अथवा अन्य स्रोतों के माध्यम से विदेशी रामलीला दलों जैसे इण्डोनेशिया, थाइलैण्ड, रूस, नेपाल एवं श्रीलंका द्वारा रामकथा पार्क में रामलीला का आयोजन किया जायेगा।
अयोध्या के विभिन्न स्थलों पर लोक कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
अयोध्या धाम के विभिन्न स्थलों जैसे गुप्तार घाट, बड़ीदेवी काली, हनुमान गुफा, बिरला धर्मशाला, भरतकुण्ड, तुलसी उद्यान आदि स्थलों पर प्रदेश के लोक कलाकारों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
1000 लोक कलाकारों के माध्यम से निकाली जाएगी सांस्कृतिक शोभायात्रा
विभिन्न प्रदेशों जैसे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखण्ड, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, बिहार, आन्ध्रप्रदेश, महाराष्ट्र के लगभग 1000 लोक कलाकारों के माध्यम से सांस्कृति शोभायात्रा का आयोजन होगा।
शोभायात्रा के दौरान रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर झांकी तथा प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा।
सूचना विभाग द्वारा दीपोत्सव-2026 में साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क भव्य झांकियों की व्यवस्था की जायेगी।
56 घाटों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन
दीपोत्सव-2026 के लिए अयोध्याधाम में कुल 56 घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन की कार्ययोजना तैयार की गयी है। राम की पैड़ी, लक्ष्मण किला घाट, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल घाट सहित निर्धारित स्थानों पर 35 हजार वालंटियर्स द्वारा दीप जलाये जायेंगे।
दीपोत्सव के दौरान दीप प्रज्ज्वलन के साथ-साथ ड्रोन लाइट शो, ग्रीन फायर शो, रामलीला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक शोभायात्रा जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

















