
नई दिल्ली: बीजेपी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। जबकि सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी और चार नेताओं को सह-प्रभारी बनाया गया है।
उत्तराखंड में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। तमिलनाडु में निर्मल कुमार सुराना और डॉ. के. अरुणा सह-प्रभारी होंगी। तेलंगाना में अभय पाटिल और रेखा शर्मा सह-प्रभारी बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को सह-प्रभारी बनाया गया है। स्मृति ईरानी के साथ छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू और हरियाणा में डॉ. भोला सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
गुजरात का प्रभारी तरुण चुग को बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी और रीना कश्यप को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देब को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। राजस्थान में संजय भाटिया को प्रभारी बनाया गया है, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे। असम में मंगल पांडे को प्रभारी बनाया गया है। मेघालय में कनाड पुरकायस्थ प्रभारी और डॉ. नुमल मोमिन सह-प्रभारी हैं। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।