
जयदीप राय को हिंदी सेवा सम्मान 2026 प्रदान करतीं नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह। साथ में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राणा प्रताप सिंह।
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में सोमवार को आयोजित हिंदी पखवाड़ा समारोह में भारतीय भाषा अभियान के राष्ट्रीय संयोजक जयदीप राय को भारतीय भाषाओं के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं निरंतर सेवा कार्य के लिए ‘हिंदी सेवा सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। जयदीप राय सर्वोच्च न्यायालय में अधिवक्ता भी हैं।
समारोह की मुख्य अतिथि नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह थीं। समारोह की अध्यक्षता गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, शोधार्थी, विधि विशेषज्ञ एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भारतीय भाषा अभियान द्वारा देशभर के न्यायालयों एवं विधि शिक्षा के क्षेत्र में संविधान की आठवीं अनुसूची में सम्मिलित 22 भारतीय भाषाओं में कामकाज सुनिश्चित कराने के लिए निरंतर राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मूल उद्देश्य “जनता को न्याय, जनता की भाषा में” उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करना तथा विधि एवं न्यायिक शिक्षा को भारतीय भाषाओं में सुलभ एवं प्रभावी बनाना है।
जयदीप राय जी के नेतृत्व में भारतीय भाषा अभियान से जुड़े सर्वोच्च न्यायालय, दिल्ली उच्च न्यायालय, दिल्ली के जिला एवं सत्र न्यायालयों तथा देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के अधिवक्ता वर्षों से न्यायालयों में भारतीय भाषाओं को उचित सम्मान एवं प्रभावी स्थान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अभियान केवल न्यायालयों तक सीमित न रहकर विधि शिक्षा, शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में भी भारतीय भाषाओं के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय है।
इस राष्ट्रव्यापी प्रयास में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, प्रोफेसरों, विधि शिक्षकों, शोधार्थियों, साहित्यकारों तथा साहित्य अकादमी सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं साहित्यिक संस्थाओं के समन्वय एवं सहयोग से देश के विभिन्न भागों में कार्यक्रम एवं अभियान चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य भारतीय भाषाओं को न्याय, विधि शिक्षा, शोध एवं सार्वजनिक जीवन में उनका उचित एवं सम्मानजनक स्थान दिलाना है।
भारतीय भाषा अभियान का मानना है कि न्याय व्यवस्था तभी अधिक प्रभावी एवं जनसुलभ हो सकती है, जब न्याय की भाषा और जनता की भाषा के बीच की दूरी कम हो। इसी प्रकार विधि की शिक्षा यदि विद्यार्थियों को उनकी मातृभाषा एवं भारतीय भाषाओं में उपलब्ध हो, तो वह अधिक व्यापक एवं समाजोपयोगी बन सकती है। जयदीप राय जी के नेतृत्व में भारतीय भाषा अभियान भारतीय भाषाओं के सम्मान, संरक्षण, संवर्धन एवं उनके प्रभावी प्रयोग के लिए देशव्यापी स्तर पर निरंतर प्रयासरत है।