उत्तर प्रदेश

क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज

पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2020 में वह गाजियाबाद में रहती थी। उसी समय किसी मित्र के माध्यम से उसकी मुलाकात रणजी क्रिकेटर मोहम्मद कैफ से हुई थी।

Published by
सुनील राय

क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ और हसीब के खिलाफ लखनऊ के आशियाना थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता ने मोहम्मद कैफ के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है और उसके भाई हसीब पर जान से मारने की धमकी का आरोप है। पीड़िता का आरोप है कि रणजी क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था।

पीड़िता का कहना है कि वह एक तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। सन 2020 में वह गाजियाबाद में रहती थी। उसी समय किसी मित्र के माध्यम से उसकी मुलाकात रणजी क्रिकेटर मोहम्मद कैफ से हुई थी। उसके बाद धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। करीब 3 साल बाद वर्ष 2023 में मोहम्मद कैफ ने उससे शादी का वादा किया था। कैफ को उसके तलाकशुदा होने पर कोई दिक्कत नहीं थी।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गत 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया। शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। जब पीड़िता ने शादी करने के लिए कहा तो कैफ ने कहा कि आईपीएल ऑक्शन के बाद निकाह करेगा। पीड़िता का आरोप है कि वह एयरलाइंस में केबिन क्रू की नौकरी करती थी। कैफ को उसकी नौकरी पसंद नहीं थी और कैफ के कहने पर ही उसने नौकरी छोड़ दी।

पीड़िता का आरोप है कि आईपीएल ऑक्शन का समय बीत जाने के बाद कैफ ने मिलना कम कर दिया। पीड़िता ने कैफ के परिवार से मिलने का प्रयास किया। गत 19 मई को पीड़िता को अमरोहा बुलाया। पीड़िता का कहना है कि अमरोहा में कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। अमरोहा से पीड़िता अपने घर लौट आई। गत 31 अगस्त को उसने आशियाना थाने में तहरीर दी थी। इसके इसके बाद उसने डीसीपी से भी मिलकर शिकायत की।

डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर का कहना है कि पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला की ओर से लगाए आरोपों की जांच की जा रही है।

Share

Recent News