
आज मौसम कैसा रहेगा?
देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने 13 सितंबर को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 25 से ज्यादा राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम में बदलाव उत्तर राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के कारण हुआ है। इसके असर से आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 13 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज बौछारें भी पड़ने की संभावना है। 13 और 14 सितंबर को आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 15 से 17 सितंबर के बीच पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अनुमान है। प्रदेश के करीब 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हार में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। राज्य में कई नदियों का जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ है। करीब 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। ऐसे में लगातार बारिश होने पर निचले इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है।
दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है। 13 और 14 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के साथ विदर्भ में भी भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।