भाजपा नेता गौरव भाटिया ने दिल्ली हाई कोर्ट में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका के खिलाफ दो करोड़ रुपये का मानहानि का केस किया है। भाटिया का आरोप है कि कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए फर्जी और भ्रामक खबरें फैलाकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने मंगलवार (8 सितंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दो करोड़ का मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
गौरव भाटिया ने कहा, ”जब आरोप अपनी सीमा लांघते हैं, तब कानून अपनी लकीर खींचता है। 2 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा। कल यह मानहानि मामला माननीय दिल्ली हाई कोर्ट के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध होगा। ना कोई सोशल मीडिया ट्रायल। ना बयानों की जंग। सिर्फ तथ्य, सबूत और कानून का राज। सच की परीक्षा वहीं होगी जहां होनी चाहिए- अदालत में।” उन्होंने एक और पोस्ट की कि कल अदालत में गूंजेगी हर ठोस दलील, झूठ के ताबूत में ठोकी जाएगी आखिरी कील।
सौरव दास ने फेक पोस्ट के लिए नहीं मांगी माफी
गौरव भाटिया और सौरव दास के बीच पांच सितंबर को एक्स पर एक पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सौरव दास ने भाजपा नेता की तस्वीर शेयर करते हुए गौरव भाटिया के हवाले से लिखा था, ”स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवा दिमागी नक्सली है, उसके अंदर जातिवादी जहर भरा हुआ था भाजपा सरकार से इसका कोई लेना नहीं है।” इस बयान के साथ गौरव भाटिया का नाम और उनकी तस्वीर लगाकर साथ में भाजपा नेता लिखा था। इसी तरह के पोस्ट आशुतोष रांका ने भी शेयर किए थे।
हालांकि, इसके बाद भाटिया ने दास को पोस्ट डिलीट करने और बिना शर्त माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया। दास ने अपनी फेक पोस्ट डिलीट कर दी और कहा कि यह ग्राफिक एआई से बनाया गया था। लेकिन इसके लिए उन्होंने सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगी।

सीजेपी ने फर्जी खबरें फैलाने की अति की
गौरव भाटिया द्वारा सौरव दास और अन्य लोगों पर मानहानि का मुकदमा करने पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आपसे यही उम्मीद थी। सीजेपी वालों ने फर्जी खबरें फैलाने की अति कर दी।

















