अमेरिका में इलिनोइस के फ्रैंकफर्ट से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने कोरी ए. वाल्श (Corie A. Walsh) नाम की महिला को उसके दो वर्षीय बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। वाल्श पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर के तीन मामले दर्ज किए गए हैं। मां पर आरोप है कि उसने घर के बेसमेंट में अपने बेटे को फांसी पर लटकाकर मार डाला। महिला ने पुलिस से कहा कि उसका बच्चा ‘शैतान और एंटी क्राइस्ट’ था। इसलिए उसने बच्चे की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि कोरी तीन बच्चों की हत्या के चर्चित लिंडसे क्लैंसी मामले में भी अत्यधिक रुचि लेने लगी थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना मंगलवार (1 सितंबर 2026) को फ्रैंकफर्ट के ब्रुक स्टोन कोर्ट इलाके में हुई। पुलिस को शाम करीब 4:04 बजे एक दो वर्षीय बच्चे के घायल और बेहोश होने की सूचना मिली। अधिकारियों के पहुंचने से पहले एक पड़ोसी बच्चे को बचाने की कोशिश कर रही थी। पुलिस के अनुसार, बच्चे को घर के बेसमेंट में एक राफ्टर से लटका हुआ पाया गया था। पड़ोसी ने उसे नीचे उतारकर सीपीआर देने की कोशिश की और फिर पुलिस को इसकी सूचना दी। बच्चे को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घर में तीन और बच्चे थे
मृत बच्चे की पहचान बैरेट वाल्श के रूप में हुई है। दस्तावेजों के अनुसार बच्चे का जन्म 26 मार्च, 2024 को हुआ था। उसे परिवार में प्यार से बीयर कहा जाता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण गर्दन पर बंधी रस्सी के दबाव से दम घुटना बताया गया है। मामला और गंभीर तब हो गया जब पुलिस ने घर में बच्चे की मां को भी घायल अवस्था में पाया। अधिकारियों के मुताबिक, महिला ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी चोटों को मामूली बताया गया। पुलिस के पहुंचने के समय घर में तीन अन्य बच्चे भी थे, लेकिन वे सभी सुरक्षित पाए गए। महिला का पति घटना के समय बाहर था। वह बाद में वापस लौटा।
लिंडसे क्लैंसी हत्याकांड से थी प्रभावित
जांच में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि 40 वर्षीय कोरी वाल्श लिंडसे क्लैंसी के चर्चित मामले को लेकर काफी ज्यादा दिलचस्पी ले रही थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वाल्श घटना से कुछ घंटे पहले अपने दोस्तों के साथ क्लैंसी मामले को लेकर ग्रुप टेक्स्ट में चर्चा भी कर रही थी। पुलिस वाल्श का फोन जब्त कर उसकी पड़ताल कर रही है। फिलहाल, उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर के तीन आरोप दर्ज किए गए हैं। अभी वह पुलिस कस्टडी में है। उसकी मानसिक स्थिति की जांच चल रही है। इसके बाद उसे विल काउंटी एडल्ट डिटेंशन फैसिलिटी में ले जाया जाएगा, जहां उसे प्री-ट्रायल डिटेंशन सुनवाई का सामना करना होगा।
क्या है लिंडसे क्लैंसी हत्याकांड
लिंडसे क्लैंसी हत्याकांड अमेरिका का बेहद दुखद मामला था। एक मां ने अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी थी। इस मामले में मानसिक स्वास्थ्य (प्रसवोत्तर मनोविकृति / Postpartum Psychosis) को लेकर भी खूब बहस हुई थी। यह घटना मेसाचुसेट्स में 24 जनवरी 2023 को हुई थी। लिंडसे क्लैंसी एक लेबर और डिलीवरी नर्स थी। उसने अपने पति पैट्रिक को रात का खाना और बच्चों की दवा लेने के लिए बाहर भेजा था। इसके बाद उसने अपने तीन बच्चों कोरा (5 वर्ष), डॉसन (3 वर्ष) और कैलन (8 महीने) की
घोंटकर हत्या कर दी थी। उसने आत्महत्या की भी कोशिश की थी।
















