कानपुर के चमनगंज थाना अंतर्गत एक युवती ने शानू उर्फ तौफीक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। तौफीक पीड़िता के पिता का दोस्त था। वह पीड़िता के पिता से मिलने से घर आया-जाया करता था। पीड़िता के पिता की मृत्यु के बाद भी उसका घर पर आना-जाना लगा रहा। पीड़िता का आरोप है कि तौफीक ने उसका नहाते हुए वीडियो बना लिया था। वह वीडियो की आड़ में पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। उसने एक सोने की चेन और 15 हजार रुपए भी ले लिए। अब धमकी देकर पांच लाख रुपये मांग रहा था।
युवती का आरोप है कि आरोपी शादीशुदा है। उसने उसको दूसरी बीवी बनकर रहने के लिए कहा। यह भी कहा कि एक फ्लैट दिला देगा। वह लगातार युवती को परेशान कर रहा था। पीड़िता जब काफी परेशान हो गई तो उसने अपने भाई को पूरी घटना के बारे में बताया। पीड़िता के भाई ने उसे मोतीझील के पास मिलने के लिए बुलाया। अभियुक्त जब वहां पहुंचा तो पीड़िता के भाई ने उसे दबोचकर चमनगंज पुलिस के हवाले कर दिया।
होजरी व्यापारी है तौफीक
पीड़िता ने बताया कि तौफीक होजरी व्यापारी है। युवती के पिता भी होजरी का व्यापार करते थे। तौफीक अक्सर उसके पिता से मिलने आता था। पीड़िता और उसके भाई, तौफीक को अंकल कहकर बुलाते थे। बीमारी के कारण पीड़िता के पिता का निधन हो गया था। उसके बाद भी तौफीक उसके घर आया-जाया करता था। करीब एक महीने पहले पीड़िता के मोबाइल पर तौफीक ने मैसेज किया। मैसेज में लिखा था कि पीड़िता का नहाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इसके बाद एक सोने की चेन और 15 हजार रुपए ले लिए। उसके बाद फिर से 5 लाख रुपये की मांग कर रहा था।















