श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह विवाद मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश पर चल रही समझौता वार्ता विफल होती प्रतीत हो रही है। मथुरा के सुलह समझौता केंद्र में मंगलवार को होने वाली दूसरी वार्ता मुस्लिम पक्ष की अनुपस्थिति के कारण विफल हो गई। मुस्लिम पक्ष के न आने पर कोर्ट ने पत्रावली पर सुनवाई स्थगित कर दी है। अब इस विवाद की सुनवाई सीधे उच्चतम न्यायालय में 21 अगस्त को होगी।
मुस्लिम पक्ष की गैरहाजिरी
गत 7 अगस्त को सुलह केंद्र में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई थी। लेकिन कोई हल नहीं निकला।गत मंगलवार को सुलह केंद्र में सुनवाई के लिए समय तय किया गया था। मगर मुस्लिम पक्ष वहां पर नहीं आया। अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि हिंदू पक्ष की ओर से प्रस्ताव दिया गया था कि मुस्लिम पक्ष वहां से मस्जिद हटाने के बदले अन्य किसी स्थान पर भूमि ले सकता है। लेकिन, अब यह स्पष्ट हो चुका है कि यह पूरी जमीन श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ही है, इसलिए अब मस्जिद के बदले कोई भी वैकल्पिक भूमि नहीं दी जाएगी। मंगलवार को मुस्लिम पक्ष के अनुपस्थित रहने पर हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहरी ने कहा कि मुस्लिम पक्ष के पास कृष्ण जन्म भूमि से संबंधित कोई भी ठोस कागजात मौजूद नहीं हैं। इसी मुख्य कारण से वे बार-बार गैर हाजिर हो रहे हैं।

















