भारतीय रेलवे की पहचान अब सिर्फ देश में बेहतर रेल सेवा देने तक सीमित नहीं रह गई है। भारत अब अपनी आधुनिक रेल तकनीक और कोच निर्माण क्षमता को दूसरे देशों तक भी पहुंचा रहा है। इसी दिशा में पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री बांग्लादेश रेलवे के लिए आधुनिक LHB ब्रॉडगेज यात्री कोच तैयार कर रही है। इन कोचों की पहली 19 कोच वाली रेक जल्द ही रोलआउट होने जा रही है। खास बात यह है कि इन कोचों को बांग्लादेश की जरूरतों और वहां की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में भारत को 200 ब्रॉडगेज यात्री कोच बनाने और सप्लाई करने का बड़ा ऑर्डर दिया था। पहली 19 कोच वाली रेक इसी ऑर्डर का पहला हिस्सा है। यह परियोजना दोनों देशों के बीच रेल सहयोग को और मजबूत करने के साथ भारत की कोच निर्माण और इंजीनियरिंग क्षमता को दुनिया के सामने पेश करेगी।
पहली रेक में 19 कोच
पहली रेक में कुल 19 कोच होंगे। इनमें 3 एसी स्लीपर, 3 एसी चेयर कार, 11 नॉन-एसी चेयर कार और 2 पावर कार शामिल हैं। इन कोचों को सामान्य LHB कोचों से अलग तरीके से तैयार किया गया है, ताकि बांग्लादेश के यात्रियों को ज्यादा सुविधा और सुरक्षा मिल सके। नए कोचों में यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। सीटों को पीछे की ओर झुकने वाला बनाया गया है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान आराम मिल सके। सीटों में स्टेनलेस स्टील के आर्मरेस्ट और फुटरेस्ट भी लगाए गए हैं। एसी कोचों में पैंट्री की सुविधा होगी। इसके अलावा कोचों में CCTV निगरानी और यात्री अलार्म सिस्टम भी लगाया गया है। खिड़कियों को जरूरत के अनुसार कुछ हिस्सा खोलने की सुविधा दी गई है। महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए बेबी केयर रूम भी बनाया गया है। वहीं यात्रियों की धार्मिक जरूरतों को देखते हुए प्रार्थना कक्ष की व्यवस्था भी की गई है।
बांग्लादेश में कई बार यात्रियों के ट्रेन की छत पर चढ़ने की घटनाएं सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इन कोचों की छत को अतिरिक्त भार सहने के लिए मजबूत बनाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से भी इन कोचों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कोचों को यूरोपीय मानक EN-15227 के अनुरूप क्रैश-रेजिस्टेंट डिजाइन प्रावधानों के साथ तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य टक्कर या दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को ज्यादा सुरक्षा देना है। इसके लिए कोच की पूरी बॉडी शेल के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे क्षेत्र में सहयोग करीब एक दशक पुराना है। वर्ष 2015-16 में कपूरथला रेल कोच फैक्ट्री से बांग्लादेश रेलवे को 120 LHB ब्रॉडगेज यात्री कोचों की आपूर्ति की गई थी। इन कोचों के अनुभव और भरोसे के बाद बांग्लादेश ने वर्ष 2024 में 200 नए ब्रॉडगेज यात्री कोचों का ऑर्डर भारत को दिया। इन 200 कोचों को सात अलग-अलग वैरिएंट में तैयार किया जाना है। इनकी आपूर्ति जून 2026 से दिसंबर 2027 के बीच की जानी है।











