उत्तराखंड

उत्तराखंड : गृह मंत्रालय के निर्देश पर CSC सेंटर्स पर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, फर्जी दस्तावेजों का भंडाफोड़!

Uttarakhand Police Raid CSC Center: गृह मंत्रालय के निर्देश पर उधम सिंह नगर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों की शिकायतों के बाद विभिन्न CSC (जन सेवा केंद्रों) पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

Published by
उत्तराखंड ब्यूरो

उधम सिंह नगर । गृह मंत्रालय के निर्देश पर फर्जी दस्तावेजों के बनाए जाने की शिकायतों के मद्देनज़र जनपद पुलिस ने जिले के विभिन्न CSC (जन सेवा केंद्र) पर छापेमारी की।

जिलेभर में चलाया गया विशेष चेकिंग अभियान

जनपद उधम सिंह नगर पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि जनपद भर में CSC (जन सेवा केंद्र) के औचक निरीक्षण हेतु चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक थाना किच्छा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा किच्छा क्षेत्रांतर्गत संचालित सभी जन सेवा केंद्रों (CSC Centres) का औचक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया गया।

यह चेकिंग अभियान थाना किच्छा क्षेत्र के किच्छा मेन मार्केट, चौकी लालपुर, चौकी दरऊ एवं चौकी कलकत्ताफार्म क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान की गई प्रमुख कार्रवाई

दस्तावेज एवं लाइसेंस की जांच: सभी CSC सेंटरों के वैध लाइसेंस, संचालकों का व्यक्तिगत सत्यापन तथा लाइसेंस में दर्ज पते एवं लोकेशन की भौतिक सत्यता की जांच की गई।

सेवाओं की पारदर्शिता: संचालकों द्वारा नागरिकों को दी जा रही विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी सेवाओं तथा उनके लिए निर्धारित दरों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

CSC संचालकों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

रजिस्टर का रखरखाव: सभी CSC संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन केंद्र पर आने वाले ग्राहकों एवं उन्हें प्रदान की जा रही सेवाओं का पूर्ण विवरण नियमित रूप से एंट्री रजिस्टर में अंकित करें।

निर्धारित शुल्क ही लें: राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों द्वारा प्रमाण-पत्रों व अन्य सेवाओं हेतु निर्धारित आधिकारिक शुल्क ही लिया जाए। अतिरिक्त शुल्क वसूली पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

सुरक्षा एवं CCTV कवरेज: समस्त CSC सेंटरों में कार्यप्रणाली की पारदर्शिता एवं सुरक्षा के दृष्टिगत गुणवत्तायुक्त CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है।

जिन सेंटरों में पूर्व से कैमरे स्थापित हैं और उनकी रिकॉर्डिंग अवधि 07 दिन की पाई गई, उन्हें सख्त निर्देश दिए गए कि रिकॉर्डिंग बैकअप को न्यूनतम 15 दिन तक अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें।

रेट लिस्ट का प्रदर्शन: केंद्र के बाहर अथवा स्पष्ट दिखाई देने वाले स्थान पर सरकार द्वारा तय शुल्क सूची (Rate List) बोर्ड प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

भविष्य में भी जारी रहेगा औचक निरीक्षण

अभियान के दौरान क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं शांतिपूर्ण एवं सुचारु पाई गईं। पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण अभियान जारी रखे जाएंगे।

जसपुर क्षेत्र में 21 CSC सेंटरों पर भी छापेमारी

एसएसपी के अनुसार, जसपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोतवाली जसपुर, काशीपुर, कुंडा एवं आईटीआई सहित कुल चार थानों की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा 21 CSC (ग्राहक सेवा केंद्र) पर औचक छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान सभी केंद्रों में CCTV कैमरे सुचारु पाए गए। वहीं, एक ग्राहक सेवा केंद्र में किरायेदार सत्यापन न होने के कारण उसके विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

एसएसपी ने दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश

एसएसपी ने बताया कि सभी जन सेवा केंद्रों पर औचक निरीक्षण लगातार किया जा रहा है।

Share

Recent News