अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े दो सीमा पार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार नाबालिगों समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, चार पेट्रोल बम और नौ कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे कथित आईएसआई हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे।
सुरक्षा प्रतिष्ठानों की कर रहे थे रेकी
पुलिस के मुताबिक, मॉड्यूल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल कर आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करना था। आरोपी सुरक्षा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों की रेकी भी कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सर्विलांस कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से प्राप्त फुटेज कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलर्स के साथ साझा की जा रही थी।
तीन थानों में केस दर्ज
मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिविजन थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों और अन्य माध्यमों से विदेशी संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित आतंकी नेटवर्क को विदेश से किस माध्यम से धन उपलब्ध कराया जा रहा था।
पुलिस चौकी पर हमला करने वाले गिरफ्तार
बटाला की अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी पर शनिवार रात बमनुमा वस्तु फेंककर किए गए धमाके की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। बॉर्डर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक हरमनबीर सिंह गिल्ल ने सोमवार को बताया कि मामले में दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि तीसरे आरोपी और पूरे नेटवर्क के हैंडलर की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार वारदात को तीन युवकों ने अंजाम दिया था। गिरफ्तार दोनों नाबालिग बटाला पुलिस जिले के रहने वाले हैं जिन्हें चंद पैसों का लालच देकर गुमराह किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और पुलिस अब इस हमले के पीछे सक्रिय बड़े नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

















