भारत

NTA ने जारी किया 7.5 करोड़ का सुरक्षा टेंडर, अब मुख्यालय और ऑफिस की 24 घंटे होगी निगरानी

NTA ने 7.5 करोड़ रुपये का सुरक्षा टेंडर जारी किया है। दिल्ली मुख्यालय, ओखला रीजनल ऑफिस और संवेदनशील जगहों पर 24 घंटे हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था लगेगी। जानें QCBS मॉडल, योग्यता और आखिरी तारीख।

Published by
कुलदीप सिंह

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपने दफ्तरों, गोपनीय रिकॉर्ड्स और परीक्षा सामग्री को मजबूत सुरक्षा देने के लिए कदम उठाया है। इसके तहत करीब 7.5 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। यह काम दिल्ली के मिंटो रोड स्थित मुख्यालय, ओखला में रीजनल ऑफिस और दूसरे तय जगहों पर 24 घंटे सुरक्षा मुहैया कराने के लिए है। टेंडर 25 जुलाई को जारी किया गया। यह सुरक्षा, हाउसकीपिंग और परीक्षा-ग्रेड प्रिंटिंग से जुड़े प्रोक्योरमेंट का हिस्सा है।

सुरक्षा कॉन्ट्रैक्ट शुरू में दो साल के लिए होगा, जिसे दो बार एक-एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। बोली जमा करने की आखिरी तारीख 17 अगस्त दोपहर 3 बजे तक है। प्रिंटिंग सर्विसेज का टेंडर 20 अगस्त को बंद होगा।

क्या-क्या संभालनी होगी सुरक्षा एजेंसी को

चुनी गई सुरक्षा एजेंसी को NTA के कर्मचारियों, आने-जाने वाले लोगों, पूरे परिसर, गोपनीय परीक्षा सामग्री, सर्वर रूम, स्ट्रॉन्ग रूम, वेयरहाउस, रिकॉर्ड रूम और दूसरे संवेदनशील जगहों की निगरानी करनी होगी। एंट्री-एग्जिट कंट्रोल करना, स्टाफ और विजिटर्स की जांच, लॉग रखना और सिर्फ अधिकृत लोगों को रेस्ट्रिक्टेड एरिया में जाने देना भी इसका काम होगा। सुरक्षा के लिए डोर-फ्रेम और हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर, GPS वाली गार्ड पैट्रोल ट्रैकिंग, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और डिजिटल इंसिडेंट रिपोर्टिंग सिस्टम इस्तेमाल किए जाएंगे।

कौन-कौन से नियम और शर्तें

NTA अब सिर्फ सबसे सस्ती बोली वाले को नहीं चुन रहा। काम की संवेदनशीलता को देखते हुए क्वालिटी एंड कॉस्ट बेस्ड सिलेक्शन (QCBS) मॉडल अपनाया गया है। टेक्निकल कैपेबिलिटी को 70% वेटेज और फाइनेंशियल बिड को 30% वेटेज मिलेगा। टेक्निकल में कम से कम 70 मार्क्स पाने वाले ही फाइनेंशियल राउंड में जा सकेंगे।

बोली लगाने वाली एजेंसी के पास कम से कम 5 साल का प्रोफेशनल सिक्योरिटी एक्सपीरियंस होना चाहिए। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में औसत सालाना टर्नओवर 10 करोड़ रुपये का होना जरूरी है। साथ ही, सेंट्रल गवर्नमेंट संस्थानों, परीक्षा एजेंसियों, यूनिवर्सिटी, एयरपोर्ट, हॉस्पिटल या मेट्रो जैसी हाई-सिक्योरिटी जगहों पर पहले काम का अनुभव भी मांगा गया है।

बोली लगाने वालों को 15 लाख रुपए जमा करने होंगे

बिडर्स को 15 लाख रुपये का अर्नेस्ट मनी जमा करना होगा। कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू GST को छोड़कर है। सफल एजेंसी को परफॉर्मेंस सिक्योरिटी के रूप में कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू का 5% जमा करना पड़ेगा। गोपनीयता बहुत जरूरी है। सेवा देने वाली एजेंसी और उसके कर्मचारी को परीक्षा सामग्री, सुरक्षा व्यवस्था और IT सिस्टम से जुड़ी जानकारी कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद भी सुरक्षित रखनी होगी। यह टेंडर उन कोशिशों का हिस्सा है जिसमें NTA परीक्षा प्रक्रिया को और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

Share