मौसम विभाग ने 30 जुलाई 2026 के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कुल 14 राज्यों में अगले कुछ घंटों में तेज हवाओं (60 किलोमीटर प्रति घंटा तक) के साथ अच्छी खासी बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी और हवाएं 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड जैसे राज्यों में आज बारिश का असर रहने वाला है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, नोएडा समेत कई बड़े शहरों में आज बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है और मानसूनी सिस्टम सक्रिय बना हुआ है, इसलिए एक अगस्त तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है। अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। आईएमडी टीम लगातार मौसम पर नजर रखे हुए है।
सावधानी की जरूरत
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खेतों में काम कर रहे किसान, दोपहिया वाहन चलाने वाले और यात्रा पर निकले लोग ज्यादा ध्यान रखें। तेज हवाओं और बारिश में फिसलन और कम दृश्यता जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
असम में बाढ़ की स्थिति
दूसरी तरफ असम में बाढ़ का कहर अभी भी जारी है। बाढ़ से अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल सात जिले बाढ़ से प्रभावित हैं – शिवसागर, चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव, बिश्वनाथ और कामरूप (मेट्रो)। इन जिलों में 21 राजस्व सर्किल और 551 गांव बाढ़ के पानी में हैं। करीब 3 लाख 31 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी से 21,523 हेक्टेयर से ज्यादा फसल क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है। मौजूदा बाढ़ में तीन और मौतें हुई हैं – दो शिवसागर से और एक गोलाघाट से।

















