देहरादून। भाजपा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” चलाने जा रही है। रविदास जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई, श्री गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के सभी मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” के प्रारंभ के साथ यह अभियान 6 माह तक संचालित किया जाएगा। जिसके तहत “कलश वंदन अभियान” के माध्यम से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी से भरे कलश प्रदेश के सभी जिला और मंडल, गाँव स्तर तक पहुँचेंगे। यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने दी अभियान की जानकारी
भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 तक प्रदेश के जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुँचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के महान संत, श्रेष्ठ समाज सुधारक और महान आध्यात्मिक चिंतक हैं, जिन्हें उनके समय के अनेक संतों तथा बाद की पीढ़ियों के संतों ने भी अत्यंत सम्मान दिया।
उन्होंने समाज के करोड़ों वंचित एवं उपेक्षित लोगों को सम्मान, आत्मविश्वास और जीवन का उद्देश्य प्रदान किया तथा समाज में सुधार, समरसता और मेल-मिलाप का मार्ग दिखाया। यही कारण है कि देशभर में करोड़ों लोग जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ स्मरण करते हैं।
ऐसे समय में जब समाज जातिगत भेदभाव, सामाजिक विषमताओं, धर्मांतरण और मुगलिया अत्याचार से जूझ रहा था, उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और आत्मसम्मान का संदेश देकर करोड़ों लोगों के जीवन में नई चेतना का संचार किया।
29 जुलाई से होगा समरसता दीप महोत्सव का आयोजन
अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर 29 जुलाई को संध्या के समय देशभर के सभी मंदिरों में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव” के अंतर्गत 51,000 स्थानों पर अधिक से अधिक संख्या में दीप प्रज्वलित किए जाएँगे।
इसी क्रम में प्रदेश में भी संत रविदास मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए जाएँगे। दीप महोत्सव से पूर्व भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा धार्मिक प्रवचनों का आयोजन होगा और उसके उपरांत प्रसाद वितरण अथवा भंडारे की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
दीप महोत्सव में मंदिर के आसपास के सभी समाज के वर्गों के लोगों तथा पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
29 जुलाई से 10 सितंबर तक चलेगा कलश वंदन अभियान
इसके साथ ही 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक “श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान” चलाया जाएगा।
29 जुलाई को वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सभी प्रदेशों की टोलियों को पवित्र मिट्टी से भरे सुसज्जित 131 पवित्र कलश प्रदान किए जाएँगे।
इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश की टोलियाँ मार्ग में स्वागत कार्यक्रमों के साथ इन कलशों को अपनी-अपनी राजधानी तक ले जाएँगी। जन्मस्थली की पावन मिट्टी को 21,000 कलशों में स्थापित कर देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुँचाया जाएगा।
इसके बाद धार्मिक एवं सामाजिक नेताओं तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में पवित्र कलश जिला टोलियों को सौंपे जाएँगे और जिला स्तर पर प्रत्येक श्री गुरु रविदास महाराज मंदिर, मंडल इकाई अथवा ऐसे सामाजिक संगठनों को सौंपे जाएँगे, जो अपने क्षेत्र में इस कार्यक्रम का आयोजन करना चाहते हों।
इन सभी कार्यक्रमों में भजन, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा पार्टी के नेताओं के संबोधन भी होंगे। वह पवित्र मिट्टी मंदिर अथवा ग्राम स्तर अथवा निर्माणाधीन मंदिरों के गर्भगृह के निर्माण कार्य में उपयोग की जाएगी।
पूरे अभियान के दौरान पवित्र कलश एवं पवित्र मिट्टी की पवित्रता, गरिमा और सम्मान का हर स्तर पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।
29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान
29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक “संत संपर्क अभियान” के अंतर्गत पूरे देश में पार्टी के पदाधिकारी श्री गुरु रविदास परंपरा से जुड़े पूज्य साधु-संतों तथा समाज के अन्य पूजनीय संतों से पूर्ण सम्मान और परंपरागत मर्यादा के साथ भेंट कर उनका अभिनंदन करेंगे।
पूर्व सूचना देकर ही संतों के स्थान पर पहुँचा जाएगा तथा संबंधित परंपरा के श्रद्धालुओं के साथ मिलकर सम्मानपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।
विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संतों को साथ जोड़कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
5 अक्टूबर से निकलेगी समरसता यात्रा
इस अभियान का एक अत्यंत महत्वपूर्ण चरण “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” होगा, जो 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा से सुसज्जित रथ के साथ यह यात्रा डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से प्रारंभ होकर जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक पहुँचेगी।
यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली सहित विभिन्न प्रदेशों से होकर गुजरेगी तथा जिन प्रदेशों से मुख्य यात्रा का मार्ग निर्धारित होगा, वहाँ से उपयात्राएँ निकालकर मुख्य यात्रा में सम्मिलित की जाएँगी।
यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियाँ, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों श्रद्धालुओं को सामाजिक समरसता के इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जाएगा।
26 नवंबर से छात्रावास संपर्क अभियान
इसी क्रम में 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक “श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान” चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत देशभर के सभी छात्रावासों में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के सुसज्जित चित्र के समक्ष “समरसता संवाद” कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।
इन कार्यक्रमों में श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके संदेश, समाज में निरंतर सुधार की आवश्यकता, सामाजिक समरसता तथा विकसित भारत के संकल्प पर संक्षिप्त उद्बोधन दिया जाएगा और प्रतिभागियों के साथ संवाद भी आयोजित किया जाएगा।
इसके माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को संत गुरु रविदास महाराज के जीवन-दर्शन, सामाजिक न्याय और समानता की उनकी प्रेरणा से परिचित कराया जाएगा।
प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर गठित होंगी अभियान की टोलियाँ
आगे बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश टोली, जिला टोली, मंडल टोली तथा आयोजन टोलियों का गठन किया जा रहा है।
सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मिलेगा नया आयाम
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह राष्ट्रव्यापी अभियान समाज में समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा संत गुरु रविदास महाराज के अमर संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा।











