देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में गुरुवार तड़के हुए एक दर्दनाक हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे टनल के भीतर शॉटक्रीट (कंक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। श्रमिक झारखंड का निवासी बताया गया है।
NHIDCL द्वारा घटना की विस्तृत जांच एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। दुर्घटना के कारणों एवं अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही की जाएगी। उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य के मुताबिक घटना की विस्तृत जांच के लिए एसडीएम को नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि दो साल पहले 12 नवंबर को सिल्कियारा टनल में ही 41 मजदूर फंसे थे जिन्हें 17 दिनों कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया था।

















