भारत

Explainer। मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश ‘नमो भारत कॉरिडोर’ को समझिये, दिल्ली से 180 मिनट में गंगा स्नान…

दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच तेज रफ्तार रेल यात्रा का सपना सच होने जा रहा है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बनते ही आप सिर्फ 180 मिनट में दिल्ली से ऋषिकेश पहुंच जाएंगे।

Published by
Lalit Fulara

दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच तेज रफ्तार रेल यात्रा का सपना सच होने जा रहा है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बनते ही आप सिर्फ 180 मिनट में दिल्ली से ऋषिकेश पहुंच जाएंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। कॉरिडोर को सैद्धांतिक मंजूरी के बाद DPR सर्वे का काम चल रहा है। इस कॉरिडोर के बनते ही दिल्ली, यूपी से उत्तराखंड के कई शहरों के बीच की दूरी बेहद कम हो जायेगी। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर जल्द से जल्द हरिद्वार और ऋषिकेश तक जुड़े इस कवायद में उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी भी जुटे हुए हैं। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ बैठक में इस पर मुहर भी लग चुकी है। इस परियोजना के आगे बढ़ते ही दिल्ली- एनसीआर के सारे बड़े शहर हरिद्वार तक रैपिड रेल से जुड़ जाएंगे। NCRTC, उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तराखंड सरकार दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल रूट को आगे बढ़ाने पर काम करेंगे।

150 किमी लंबा रूट….मोदीपुरम से बढ़ेगा आगे
यह करीब 150 किलोमीटर लंबा रूट है। जो दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन के अंतिम स्टेशन मोदीपुरम मेरठ से आगे बढ़ेगा। इसके बनते ही लोगों को हरिद्वार और ऋषिकेश जाने में बेहद सुविधा होगी। इसके साथ ही उत्तराखंड के लोग भी चंद घंटों में दिल्ली और यूपी के कई शहरों तक पहुंच जाएंगे। यह पूरा कॉरिडोर दिल्ली-मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश तक है। इसका यूपी में 72 किलोमीटर एरिया मेरठ और मुजफ्फरनगर से गुजरेगा जबकि उत्तराखंड में 78 किमी का हिस्सा रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश से जाएगा। इस परियोजना के लिए उत्तराखंड सरकार ने अतिरिक्त सचिव रीना जोशी को नोडल अफसर बनाया है। जमीन और रूट सर्वे में देरी न हो इसके लिए NCRTC और यूपी सरकार ने भी समन्वय अधिकारी बनाए हैं।

समझिये इस कॉरिडोर का महत्व
नमो भारत ट्रेन मोदीपुरम से दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी, रुड़की और फिर हरिद्वार में हर की पौड़ी से गुजरेगी और ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला के करीब तक जाएगी। ऋषिकेश से नमो भारत ट्रेन मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन के जरिये दिल्ली-मेरठ नमो भारत के 82.15 किलोमीटर लंबे रूट से जुड़ेगा। इससे नोएडा, गाजियाबाद को भी ऋषिकेश तक कनेक्टिविटी मिलेगी। गाजियाबाद से जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कॉरिडोर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रूट का एक्सटेंशन है। इसके बनते ही हरिद्वार, ऋषिकेश और मुजफ्फरनगर के यात्री गाजियाबाद इंटरचेंज का इस्तेमाल कर सीधा जेवर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

दिल्ली से पानीपत, सोनीपत और अलवर चंद मिनटों में
दिल्ली-गुरुग्राम-शाहजहांपुर-नीमराना-अलवर नमो भारत कॉरिडोर का मुख्य केंद्र भी दिल्ली का सराय काले खां होगा।  ऋषिकेश-हरिद्वार से आने वाले यात्री सराय काले खां से ट्रेन बदले बिना या उसी स्टेशन से अलवर तक कनेक्ट हो जाएंगे। ऋषिकेश, हरिद्वार वालों को गुरुग्राम, नीमराणा, अलवर तक हाईस्पीड नेटवर्क मिलेगा। दिल्ली-सोनीपत-पानीपत कॉरिडोर रैपिड रेल का तीसरा बड़ा कॉरिडोर है। यह दिल्ली को हरियाणा के पानीपत से जोड़ता है। सराय काले खां  के इंटरचेंज से उत्तराखंड और मुजफ्फरनगर के यात्री सीधे हरियाणा के सोनीपत और पानीपत रूट से जुड़ पाएंगे। इस परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई प्रमुख शहर पहली बार हाई-स्पीड क्षेत्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।

हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए वरदान
यह कॉरिडोर हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए वरदान से कम नहीं है। हरिद्वार और ऋषिकेश देश के सबसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल हैं। लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जाते हैं। चारधाम यात्रा के लिए भी हरिद्वार से ही श्रद्धालु आगे की यात्रा शुरू करते हैं। अभी दिल्ली से हरिद्वार जाने में करीब 5 घंटे लगते हैं। अगर जाम रहा तो यह दूरी और अधिक बढ़ जाती है और 6-7 घंटे भी लग सकते हैं। नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यही दूरी लगभग ढाई से तीन घंटे में तय की जा सकेगी।

Share

Recent News