
स्वर्णांकित रामचरित मानस, कागभुशुंडि जी महाराज और भगवान राम का कंठाहार दिखाते श्री गोविंद देव गिरि जी महाराज
राम मंदिर के चंदा चोरी प्रकरण की आड़ में सनातन धर्म को बदनाम करने और राजनीतिक रोटियां सेंकने वालों को श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से जवाब दिया गया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष श्री गोविंद देव जी महाराज ने सोमवार को दान की गई उन वस्तुओं को मीडिया के सम्मुख दिखाया, जिनको लेकर झूठी बातें फैलाई जा रही थीं।
गोविंद देव गिरि जी महाराज ने स्वर्णांकित रामचरितमानस, कागभुशुंडि जी महाराज, बड़ा कंठाहार , पादुकाएं को दिखाया। यह सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि ये वस्तुएं केवल नमूने के तौर पर हैं जो चर्चा में आई, उन्हें दिखाया गया। इस तरह दान की गई 2800 वस्तुओं का संग्रह सुरक्षित है। अगर किसी भी दानदाता के मन में कोई शंका है तो वह यहां आकर उनकी जांच कर सकता है। सभी वस्तओं को पूरी तरह से सुरक्षित रखा गया है।
गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि मंदिर चोरी के प्रकरण को लेकर अनर्गल बातें मीडिया में आईं और कुछ राजनीतिक दलों की ओर से इस मुद्दे पर जो चिंता दिखायी जा रही है वह राष्ट्र के लिए घातक है, क्योंकि यही वे राजनीतिक दल और नेता हैं जो भगवान राम को काल्पनिक बताकर न्यायालय तक गए। मंदिर आंदोलन के समय कारसेवकों पर गोलियां तक चलवाईं। ऐसे नेताओं एवं संगठनों का मकसद राजनीतिक रोटियां सेंकना और हिंदू एकता, रामभक्तों और सनातन पर चोट करना है, लेकिन ट्रस्ट आह्वान करता है कि सभी हिंदू समाज की अपेक्षा के अनुरूप काम करेगा और उनका विश्वास पुन:स्थापित करेगा। राम भक्त धैर्य रखें और किसी प्रकार के अनर्गल समाचारों पर ध्यान न दें।