
आज का सोना चांदी भाव
पिछले कुछ महीनों से लगातार बढ़ रही कीमतों के बाद इस सप्ताह सोने और चांदी दोनों के दामों में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में शादी-ब्याह, त्योहार या निवेश के लिए खरीदारी करने वालों को पहले के मुकाबले कम कीमत पर सोना और चांदी खरीदने का मौका मिल सकता है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत इस सप्ताह 5,097 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गई है। इसके बाद इसका भाव 1,44,970 रुपये से कम होकर 1,39,873 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत 1,32,793 रुपये से घटकर 1,28,124 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। इसके अलावा 18 कैरेट सोने का दाम भी 1,08,728 रुपये से घटकर 1,04,905 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। पूरे सप्ताह के दौरान सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 22 जून की सुबह 24 कैरेट सोने का उच्चतम भाव 1,47,310 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि 25 जून की शाम इसका सबसे कम भाव 1,39,461 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट आई है। चांदी का भाव 15,432 रुपये प्रति किलो घटकर 2,16,541 रुपये प्रति किलो रह गया है, जो पहले 2,31,973 रुपये प्रति किलो था। इस सप्ताह चांदी का सबसे ऊंचा भाव 22 जून की शाम को 2,37,801 रुपये प्रति किलो और सबसे कम भाव 25 जून की सुबह 2,15,485 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।
जानकारों के अनुसार, वैश्विक बाजार में तनाव कम होने और निवेशकों के सुरक्षित निवेश से दूरी बनाने के कारण सोने और चांदी की कीमतों में नरमी आई है। हालांकि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति और आर्थिक घटनाक्रम के अनुसार कीमतों में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।