
विकासनगर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड प्रांत के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (महाविद्यालयीन विद्यार्थी एवं तरूण व्यवसायी/ विशेष का समापन रविवार को दि हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल, कोतवाली बाईपास रोड विकासनगर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। वर्ग का शुभारंभ 30 मई को यज्ञ-हवन के साथ हुआ। समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण की झलक प्रस्तुत करते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल जयवीर सिंह नेगी जी उपस्थित रहे एवं समापन समारोह के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख श्रीमान प्रदीप जी ने कहा कि भारत के सामने बाहरी और आंतरिक दोनों प्रकार की सुरक्षा चुनौतियां मौजूद हैं। पाकिस्तान और चीन के साथ सीमाओं की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश को हर परिस्थिति का सामना करने के लिए सदैव तैयार रहना होगा। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रह गए हैं, इसलिए विज्ञान, तकनीक और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देना समय की मांग है। इसके लिए आवश्यक है कि हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को पहचानें, उसे जीवन में उतारें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
उन्होंने स्वयंसेवकों से अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया एवं सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध तथा नागरिक कर्तव्य जैसे पंच परिवर्तन के माध्यम से ही भारत परम वैभव को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग व्यक्ति निर्माण की प्रयोगशाला है, जहां कठोर अनुशासन, शारीरिक एवं बौद्धिक प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों को राष्ट्र कार्य के लिए तैयार किया जाता है। समारोह के दौरान शिक्षार्थियों ने दंड युद्ध, नियुद्ध, योगासन, सूर्य नमस्कार तथा सामूहिक समता का आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की सराहना प्राप्त की।
वर्ग सर्वव्यावस्था प्रमुख संदीप महावर जी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 15 दिवसीय इस संघ शिक्षा वर्ग में उत्तराखंड के 13 जिलों से कुल 306 शिक्षार्थियों भाग लिया जिसमें 18 से 40 वर्ष की आयु के महाविद्यालयीन छात्र एवं तरूण व्यवसायी की संख्या 144 एवं विशेष वर्ग में 40 से 65 वर्ष की आयु के 162 सेवानिवृत्त/ शिक्षक/ कर्मचारी व्यवसायी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला संचालक देवराज जी,वर्ग सर्वाधिकारी लोकपाल जी, विष्णु जी,वर्ग कार्यवाह रविन्द्र जी, चंदन जी, वर्ग पालक मनोहर जी, राकेश बडोनी जी, सह विभाग प्रचारक सौरभ जी, सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर जी, प्रांत समरसता प्रमुख राजेंद्र पंत जी, विभाग प्रचार प्रमुख गजेंद्र खंडूरी जी, मुख्य शिक्षक राहुल जी, पूरण जी, सह मुख्य शिक्षक रमेश जी, कमल जी मौजूद रहे तथा अनेक गणमान्य नागरिक उद्योगपति एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थित रही ।