नैनीताल: कैंची धाम स्थापना दिवस मेले में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा अनुशासनहीनता एवं दुर्व्यवहार की घटना से नैनीताल पुलिस को शर्मसार होना पड़ा। इस मामले में दो पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 13 जून की मध्य रात्रि में कैंची धाम मेले में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवती के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्रता करने का आरोप लगाया गया था। पीड़िता अपनी बहन के साथ मंदिर से वापस लौट रही थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी के बाहर एकत्र होकर अपने गुस्से का इजहार किया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों द्वारा घटना में सम्मिलित पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार (थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर) एवं उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद (थाना केलाखेड़ा) के रूप में की दोनों का मेडिकल कराने के बाद उनके द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज
एसएसपी मंजूनाथ टी सी ने बताया कि दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भी की गई है। बताया जाता है कि कैंची धाम में मेला लगा होने के कारण घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी जन-आक्रोश व्याप्त हो गया। भीड़ ने आरोपित पुलिसकर्मियों को पकड़कर उनकी पिटाई भी की और स्थिति की गंभीरता के दृष्टिगत स्थानीय लोगों द्वारा कुछ समय के लिए पुलिस चौकी का घेराव भी किया।













