मोबाइल फोन, व्हाट्सएप और ईमेल के इस डिजिटल युग में जहां संदेश कुछ ही सेकंड में दुनिया के किसी भी कोने तक पहुंच जाता है, वहीं हाथ से लिखी चिट्ठियों की गर्माहट और आत्मीयता आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है। हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति जिले के हिक्किम गांव में स्थित विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर में उमड़ रही पर्यटकों की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि तकनीक के विस्तार के बावजूद लोगों का भावनात्मक रिश्ता चिट्ठियों से टूटा नहीं है।
समुद्र तल से 14,567 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह डाकघर
समुद्र तल से 14,567 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह डाकघर केवल डाक सेवा का केंद्र नहीं, बल्कि यादों, भावनाओं और रिश्तों को जोड़ने वाला एक अनूठा माध्यम बन गया है। यहां पहुंचने वाले सैकड़ों पर्यटक अपने स्वजनों के नाम पोस्टकार्ड लिखकर उन्हें भेजते हैं और चिट्ठियों के माध्यम से बीते दौर की मीठी यादों को फिर से जीते हैं। 11 जून को इस डाकघर में एक ही दिन में 27,600 रुपये के पोस्टल स्टैंप बिके। पर्यटक अपनों को पाती भेजने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। डाक विभाग रामपुर के कार्यालय सहायक अशोक के अनुसार, वर्ष 2022 में लांगचा पंचायत के गांव हिक्किम स्थित पुराने डाकघर को लैटर बॉक्स के आकर्षक डिजाइन में परिवर्तित किया गया था। इसके बाद यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और यह स्थान एक लोकप्रिय पर्यटन केंद्र बन गया।
मई महीने में 2,08,500 रुपये के पोस्टल स्टैंप बिके
इस डाकघर में 64 वर्षीय रिनचिन शाखा डाकपाल के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि हिक्किम डाकघर की तस्वीर वाले एक पोस्टकार्ड की कीमत 15 रुपये है, जिस पर छह रुपये का डाक टिकट लगाया जाता है। पर्यटक इस अनोखी याद को संजोने के लिए कई बार 10 से अधिक पोस्टकार्ड भी खरीद लेते हैं। हिक्किम डाकघर के प्रति लोगों के बढ़ते आकर्षण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मई महीने में यहां 2,08,500 रुपये के पोस्टल स्टैंप बिके, जबकि जून माह में अब तक 1.83 लाख रुपये से अधिक के स्टैंप की बिक्री हो चुकी है।
इसे भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी के कालीघाट घर पर पुलिस छापेमारी, अंदर जाने के लिए तोड़ना पड़ा ताला
यह डाकघर केवल दुनिया का सबसे ऊंचा डाकघर होने का रिकॉर्ड ही नहीं रखता, बल्कि यह भी बताता है कि आधुनिकता के इस दौर में भी इंसानी भावनाएं और रिश्तों की आत्मीयता चिट्ठियों के जरिए जीवंत हैं। हिक्किम से भेजी गई हर पाती अपने साथ हिमालय की ऊंचाइयों से निकली संवेदनाओं की वह गर्माहट लेकर जाती है, जिसे कोई डिजिटल संदेश शायद ही कभी महसूस करा सके।
चार दिन में 98,000 से अधिक के पोस्टल स्टैंप बिके
रामपुर बुशैहर डाकमंडल के अधीक्षक दिनेश प्रकाश बताते हैं कि हिकिम्म डाकघर से अपनों को चिट्ठी भेजने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में पोस्टल स्टैंप खरीद रहे हैं। अपने अनोखे डिजाइन के कारण यह आकर्षण का केंद्र बना रहता है। चार दिन में ही यहां 98 हजार से अधिक के पोस्टल स्टैंप बिके हैं।











