रुड़की: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से हरिद्वार के रुड़की में छापा मारकर पाकिस्तान से करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया। उत्तराखंड पुलिस इस मामले पर चुप है।
पाकिस्तान से करोड़ों के ट्रांजैक्शन मामले में युवती गिरफ्तार
बताया गया है कि महिला को जम्मू के कठुआ में गिरफ्तार एक युवक से मिली जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उसे अपने साथ ले गई। उधर, घटना के बाद से ही पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गरम है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस पिरान कलियर पुलिस स्टेशन एरिया के आसफनगर गांव में पहुंची और रेड के दौरान सोनम नाम की एक लड़की को पाकिस्तान के रास्ते करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया। हालांकि पुलिस टीम को कोई कैश नहीं मिला, लेकिन बताया जा रहा है कि यह मामला कथित तौर पर कई करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन से जुड़ा है। खबर है कि कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर इलाके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक पर पाकिस्तान के रास्ते करोड़ों रुपये का लेन-देन करने का आरोप है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कलियर इलाके के आसफनगर गांव की एक लड़की का नाम बताया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस पिरान कलियर पहुंची और लोकल पुलिस से संपर्क किया। लोकल पुलिस की मदद से आसफनगर गांव में रेड की गई। बताया जा रहा है कि लड़की की पहचान करने में पुलिस को करीब दो से ढाई घंटे लगे। पहचान के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और उसे ले गई। हरिद्वार SSP नवनीत भुल्लर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस मामले में उनकी मदद मांगी थी, और आरोपी को गिरफ्तार करने से पहले उसकी पहचान करने में काफी समय लगा।

















