निवर्तमान केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव मुख्तार अब्बास नकवी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान, के समापन सत्र में कहा कि “कांस्पीरेसी के कुंड का कॉकरोची झुंड,पराजित पॉलिटिकल पार्टियों के प्रॉक्सी पिट्ठुओं का प्रायोजित प्रोग्राम” है। ‘कुंठित कटुता- कपट के कबाड़खाने में क़ैद कुनबे की कामर्शियल कॉकरोची कॉमेडी, वैश्विक संकट के समय अस्थिरता का कंटक पैदा करने का प्रयोग है। नकवी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेसी लश्करे लफ्फ़ाजी की लम्पट लाबी का गगन चुम्बी ग़ुरूर,गटर चुम्बी सुरूर बकवास बहादुरी का बदनाम बसेरा बनता जा रहा है।
नकवी का विपक्ष पर तीखा हमला, चुनावी राजनीति पर साधा निशाना
श्री नकवी ने कहा कि राहुल एंड कम्पनी राजनैतिक रण में रुदाली रंगरूटों की रंगशाला बनाती जा रही है। जहाँ रणबांकुरी की जगह रण छोड़ बहादुरी की प्रतिस्पर्द्धा चल रही है। पिछले दिनों के “चुनावी रण में ‘धराशाई धूर्तता के धुरंधर’, उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले’ रण छोड़ बहादुरी के सिकंदर’ की प्रतिस्पर्धा में जुट गए हैं। बिना जनादेश की जागीरदारी,बिना नम्बर के नम्बरदारी का सत्तालोलुप संग्राम शुरू हो चुकी है। जनादेश की सामन्ती लिन्चिंग की अपराधिक अराजकता के बावजूद सत्तालोलुप छल छत्रप अपनी छावनी में छेद, परिवारतंत्र में मतभेद को नहीं बचा पा रहें हैं,इनका जुगाड़ का जमघट भी जनादेश के पनघट पर पटखनी खा रहा है,कॉकरोची कांप्रेंसी का कवच भी इनकी खटिया खड़ी,बिस्तरा गोल होने से नहीं बचा पाएगा।
नकवी बोले- विपक्ष का दुष्प्रचार जनता के बीच हो रहा फेल
श्री नकवी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों,जनतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ दुराग्रह पूर्ण दुष्प्रचार में लगे हिट एन्ड रन के हुड़दंगी हवाबाजों की खटा-खट हडबड़ी,फटा-फट गडबड़ी गच्चे पर गच्चा खा रही है। ऐसे डपोरशंखों को जनतांत्रिक वोट को जनादेश में खोट बताने की सनक से बाहर आना होगा और आत्मचिंतन करना होगा कि जनता बारम्बार क्यों उनकी ‘खुड़पैची सियासत, खुराफ़ाती विरासत’ को नकार रही है? वयोवृद्ध कांग्रेस निर्मित,निर्देशित ‘वोट चोरी’ और संविधान को लेकर काल्पनिक भय-भ्रम के हॉरर शो जनता के टायं-टायं फिस्स होने के बाद, कांस्पीरेसी के कुल्लहड़ में कॉकरोची हुल्लड़ का का प्रायोजित प्रोग्राम ले कर आए हैं।
नकवी ने मोदी सरकार के नेतृत्व और संकट प्रबंधन की सराहना की
उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के दौर में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को काबिल सरकार और कार्यकुशल नेतृत्व मिला है,जो संकट में संकटमोचक बना है। श्री नरेंद्र मोदी नें देश के सामने आए हर संकट के समाधान का प्रमाणित और प्रभावी परिणाम दिखाया है, वर्तमान वैश्विक संकट में भी सरकार, समाज संयम, समझदारी और सावधानी से भारत को वैश्विक संकट के ‘बिना बुलाए मेहमान’ से भी मुक्ति दिलाएगा-
“रात भर का है मेहमां अंधेरा।
किसके रोके रुका है सवेरा।।
नकवी का कांग्रेस-सपा पर हमला, कहा- जनता फिर देगी जवाब
उन्होंने कहा कि कुछ लोग संकट के समाधान में जुटने के बजाय सियासी व्यवधान में डट जाते हैं, ऐसे भय-भ्रम के भंवरजाल पर भरोसे का जाल ज़रूरी है ताकि हर आपदा में अवसर ढूंढने वाले साज़िशी संक्रमणों का सफाया हो सके। कांग्रेस, सपा पर हमला करते कहा उन्होंने कहा कि धृष्टतापूर्ण धमाल के धाराप्रवाह कमाल में जुटे सामन्ती सूरमाओं का सत्तालोलुप सुरूर और गुरूर चुनावी मैदान में बार-बार लगातार, गच्चा खा रहा है। इसीलिए उत्तर प्रदेश में सत्ताइस के चुनाव से पहले ही झांसे की झालर में शार्ट सर्किट दिखाई दे रहा है,झांसे के झुंड को एक बार फिर झटका झेलना पड़ेगा। कांग्रेस,सपा का जुगाड़ का जमघट भी जनादेश के पनघट पर चारो खाने चित होगा।
नकवी बोले- मोदी-योगी शासन विकास और सुशासन की गारंटी
नकवी ने कहा कि इन सत्तालोलुप सूरमाओं और सामन्ती सुल्तानों को अच्छी तरह मालूम है कि देश और प्रदेश में आने वाले तीन दशकों तक कोई वैकेंसी नहीं है,मोदी- योगी का शासन समावेशी विकास, समाज के सुरक्षा-सम्मान, सशक्तिकरण की गारंटी है। भाजपा सुशासन,भारत के सम्मान, समृद्धि, सुरक्षा के लिए ज़रूरी है। भाजपा का विस्तार,भारत के विकास से जुड़ा है। दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान के ग्यारह सत्रों में कार्य विस्तार, चुनाव प्रबंधन, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता विकास, भाजपा का इतिहास, सोशल मीडिया,मीडिया प्रबंधन, कार्य पद्दति, विचार परिवार, वैचारिक अधिष्ठान, देश के समकक्ष चुनौतियां-नेरैटिव, मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएँ आदि विषयों पर उद्बोधन, चिंतन,चर्चा हुई।
दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में सांसद महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, जिलाध्यक्ष महेश चौहान,वर्ग प्रभारी श्री राजा वर्मा, पूर्व सांसद श्रीमती कांता कर्दम, पूर्व मंत्री श्री नवाब सिंह नागर, पूर्व विधायक श्रीमती बिमला बाथम,महिला आयोग उपाध्याय श्रीमती सुषमा सिंह सहित जिले के वर्तमान, पूर्व सांसद, विधायक, जिलापंचायत अध्यक्ष, सदस्य, नगर निकाय मेयर ,चेयरमैन,अध्यक्ष सदस्य,भाजपा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी सदस्य, मोर्चा, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत जन प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नेता शामिल रहे।

















