उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज की एक नर्स की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. हत्या को आत्महत्या दिखाने का भी प्रयास किया गया था और नर्स की के शव को लावारिस हालत में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में छोड़कर अभियुक्त फरार हो गए थे. इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है. पीड़ित परिवार की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मुख्य अभियुक्त सुफियान अभी फरार है.
जानकारी के अनुसार मेडिकल थाना अंतर्गत जागृति विहार सेक्टर – 3 में रहने वाली अंजली शर्मा लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में नर्स के पद पर कार्य करती थी. घटना के दिन वह घर से ड्यूटी के लिए निकली थी मगर मेडिकल कॉलेज ड्यूटी पर नहीं पहुंची. दिन में करीब एक बजे ई रिक्शा पर रखकर उसे मृत अवस्था में मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में लाया गया. उसके शव को छोड़कर अभियुक्त मौके से भाग गये. मेडिकल कालेज की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पाया कि अंजली को एक महिला ई रिक्शा पर लेकर आई थी. उस महिला की तलाश की गई. कुछ देर में ही पुलिस ने उस महिला को हिरासत में लिया.
जानकारी के अनुसार अंजली की शादी वर्ष 2018 में हुई थी. उसके 4 साल का बेटा भी है. शादी के कुछ समय बाद अंजलि और उसके पति सनी में विवाद हो गया था. विवाद हो जाने के बाद अंजली अपने मायके वापस लौट आई थी. घर पर रहकर मेडिकल कॉलेज में नर्स की नौकरी शुरू कर दी थी. इसी नौकरी के दौरान अंजली की मुलाकात सुफियान से हुई थी. बताया जा रहा है कि सूफियान, अंजली पर कन्वर्जन करके शादी करने का दबाव बना रहा रहा था.
अंजली कन्वर्जन के लिए तैयार नहीं थी. आरोप है कि सुफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर लोहिया नगर इलाके में अंजली की हत्या कर दी थी. इसके बाद साजिदा ई रिक्शा में अंजली को लेकर मेडिकल कॉलेज गई और वहां पर उसको लावारिस स्थिति में छोड़कर फरार हो गई. पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लिया है.















