नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले का आकार घटा दिया है। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह बात कही जा रही है। पीएम मोदी के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या को कम किया गया है। यह फैसला उनकी हालिया घरेलू यात्रा के दौरान लागू किया गया। हालांकि एसपीजी प्रोटोकॉल के अनुसार पीएम मोदी की सुरक्षा में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखा गया है। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि पीएम मोदी ने यह भी कहा है कि जहां संभव हो उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाए और इसके लिए नए वाहन न खरीदे जाएं।
इन नेताओं के काफिले में भी वाहनों की संख्या घटाई गई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य नेताओं ने भी अपने काफिलों में शामिल वाहनों की संख्या घटाई है। बढ़ती ईंधन खपत और वैश्विक हालात को देखते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने और मंत्रियों के काफिलों में फौरन 50 फीसदी कमी करने के निर्देश दिए हैं। योगी आदित्यनाथ ने पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ते हुए प्रदेशवासियों से ईंधन की खपत कम करने, सोने की गैरजरूरी खरीद से बचने की अपील की है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले का आकार भी 13 से घटकर आठ वाहनों का हो गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सरकारी खर्च और ईंधन की बचत के लिए अपने काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस व्यापक अपील का हिस्सा माना जा रहा है जिसमें उन्होंने अनावश्यक यात्रा कम करने और राष्ट्रीय संसाधनों की बचत पर जोर दिया था।












