राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 को लेकर बड़ा फैसला लिया है। NTA ने 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने परीक्षा दोबारा कराने की घोषणा की है। NTA ने नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है नीट यूजी परीक्षा दोबारा होगी।
विद्यार्थियों को फिर से नहीं करना होगा रजिस्ट्रेशन, फीस भी होगी रिफंड
विद्यार्थियों को फिर से आवेदन और आवेदन शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। यानी दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को फिर से आवेदन या अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। इसके अलावा एनटीए ने नोटिस में कहा है कि पहले जमा की गई परीक्षा फीस भी छात्रों को वापस की जाएगी।एनटीए ने पुनर्परीक्षा की तिथि समय से जुड़ी कोई जानकारी अभी तक साझा नहीं की है। NTA का कहना है कि दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा की तारीखें और दोबारा जारी किए जाने वाले एडमिट कार्ड का शेड्यूल जल्द ही जारी होगा।

इस वर्ष नीट यूजी 2026 परीक्षा के लिए देशभर से लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों से बचें। बता दें कि 3 मई 2026 को देशभर में नीट परीक्षा हुई थी। परीक्षा से पहले ही एक गेस पेपर व्हाट्सएप और फोटोकॉपी दुकानों के जरिए छात्रों तक पहुंचा। जिसके 100 से ज्यादा सवाल असली परीक्षा से मेल खाते थे। शुरुआती जांच में गेस पेपर सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने की बात सामने आई। इसके बाद गिरफ्तारियां हुईं। अब केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है।














