नई दिल्ली/ कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद टीएमसी के भीतर असंतोष पनप रहा है। टीएमसी के कई नेताओं ने ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कुछ दिन पहले ही टीएमसी नेताओं ने कहा था कि ममता बनर्जी पार्टी के भीतर मालिक थी और वो नौकर की तरह काम कर रहे थे। कोई सिस्टम नहीं था। अब पार्टी के ही एक पूर्व विधायक ने हार के बाद राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है।
कौन है TMC का वो नेता जो राजनीति से ले रहा संन्यास?
विधानसभा चुनाव में उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर सीट से हारने के बाद TMC के पूर्व विधायक एवं फिल्म निर्माता राज चक्रवर्ती ने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है। गुरुवार रात उन्होंने इस बारे में सोशल मीडिया पर तीन अलग-अलग पोस्ट किए हैं।
बंगाल हारने के बाद महुआ मोइत्रा को देख फ्लाइट में लगे ‘चोर-चोर, TMC चोर’ के नारे, वीडियो वायरल
TMC नेता ने कहा- BJP के शासन में बंगाल विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा
राज चक्रवर्ती ने पहले पोस्ट में लिखा कि जिंदगी में जब भी मुझे कोई जिम्मेदारी मिली मैंने उसे पूरी ईमानदारी और लगन से निभाने की कोशिश की है। एक फिल्म निर्माता के तौर पर मैंने हमेशा अपनी फिल्मों के जरिए लोगों का मनोरंजन करने की कोशिश की है। दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा कि 2021 में मैंने राजनीति में आने की और विधायक के तौर पर लोगों की सेवा करने का मौका मिला। पिछले पांच सालों से मैंने उसी रोल में अपनी ड्यूटी पूरी करने की कोशिश की है। 2026 में वह चैप्टर खत्म हो जाएगा और उसके साथ मेरा राजनीति सफर भी खत्म हो जाएगा।
तीसरे पोस्ट में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तहत पश्चिम बंगाल विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। बंगाल के लोगों ने अपना फैसला दे दिया है और नौ मई को एक नई सरकार शपथ लेगी। मुझे उम्मीद है कि राज्य विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। राज चक्रवर्ती विधानसभा चुनाव में बैरकपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर भाजपा के कौस्तब बागची से हार गए थे।
लोगों ने राज चक्रवर्ती के खिलाफ लगाए थे ‘चोर-चोर’ के नारे
4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद जब राज चक्रवर्ती मतगणना केंद्र से बाहर निकल रहे थे उन्हें जनता का भारी विरोध सहना पड़ा था। लोगों ने उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए थे। उन पर कीचड़ व चप्पलें भी फेंकी गई थी। इसके बाद उन्होंने अब राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने लोकतांत्रिक जनादेश का सम्मान करते हुए बंगाल में आने वाली नई सरकार को बधाई दी है। टीएमसी के एक सांसद और पेशेवर ऐक्टर देव ने भाजपा को जीत पर बधाई दी। देव ने भाजपा को बधाई देते हुए यह अपील भी की कि बंगाल में ऐसा प्रशासन चलाएं कि समाज के बीच आपसी सौहार्द बढ़े।

















