नई दिल्ली/कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के झारग्राम में एक दुकान से झालमुड़ी खरीदकर खाई थी। उनका यह वीडियो दुनियाभर में वायरल हुआ। साथ ही वो दुकानदार भी चर्चाओं का विषय बन गया। सभी लोग उस दुकानदार के बारे में जानना चाहते हैं। दुकानदार ने भी इसे ऐतिहासिक पल बताया है क्योंकि उसने कभी उम्मीद भी नहीं की थी कि भारत का प्रधानमंत्री उसकी दुकान पर झालमुड़ी खाने के लिए आएगा।
कौन है वो दुकानदार जहां से मोदी ने खाई झालमुड़ी
पीएम मोदी ने जहां से झालमुड़ी खाई उस दुकानदार का नाम विक्रम शॉ है। वह बिहार का रहने वाला है। उसके पिता का नाम उत्तम और माता का नाम सुनीता देवी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झालमुड़ी खाने के बाद विक्रम भी रातों-रात प्रसिद्ध हो गए हैं। मोदी के जाने के बाद मीडिया ने विक्रम को घेर लिया और उससे पूरी घटना के बारे में पूछा। विक्रम शॉ का कहना है कि पीएम मोदी ने उससे उसके परिवार के बारे में पूछा। परिवार का हालचाल पूछा। माता-पिता के बारे में जानकारी ली।

उसका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐसे अचानक दौरे से वह भी हैरान रह गया था। उसके लिए यह बहुत बड़ी बात है कि प्रधानमंत्री उसकी दुकान पर झालमुड़ी खाने के लिए पहुंचें। पीएम मोदी ने उसकी दुकान पर थोड़े समय के लिए रुककर झालमुड़ी का स्वाद लिया और अन्य लोगों को भी झालमुड़ी खिलाई थी। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में सभा को संबोधित करने के बाद हेलीपैड की तरफ जा रहे थे तभी उनका काफिला अचानक विक्रम शॉ की दुकान पर पहुंचा था।
विक्रम ने कहा- एक ठो गलती किए सिग्नेचर नहीं ले पाए….
विक्रम शॉ का कहना है कि उसे इस बात का अफसोस है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑटोग्राफ नहीं ले पाया। उसका कहना है कि पीएम मोदी ने झालमुड़ी खाते समय कोई राजनीतिक बातचीत नहीं की, उसका और उसके परिवार का हाल जाना और रोजगार के बारे में पूछा। विक्रम ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम एक ठो यही गलती काम किए। कोई सिग्नेचर-उग्नेचर नहीं लिए। उसने कहा कि पीएम मोदी यहां आए और सबसे पहले मेरा नाम पूछा और हालचाल जाना। फिर मुझसे झालमुड़ी बनाने को कहा। जब मैंने झालमुड़ी बनाकर दी तो उन्होंने उसकी कीमत पूछी। मैंने पैसे लेने से मना किया लेकिन उनके जोर देने पर पैसे ले लिए।
उसने कहा कि मोदी ने उसकी पढ़ाई और काम के बारे में भी पूछा। विक्रम शॉ का कहना है कि उसने पीएम मोदी को बताया कि गरीबी के कारण नौवीं कक्षा के बाद ही उसकी पढ़ाई छूट गई। कमाई के बारे में मैंने बताया कि मैं रोज 1,000 से 1,200 रुपये कमा लेता हूं जिससे परिवार चलता है।

दुकानदार विक्रम शॉ को 10 रुपये देते हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुकानदार विक्रम को दस रुपये देते हैं। पहले तो वह मना करता है और फिर पीएम के कहने पर रख लेता है। इसके साथ ही वह उनसे झालमुड़ी में प्याज डालने के लिए पूछता है और पीएम मोदी प्याज डालने के लिए हां कर देते हैं और कहते हैं कि प्याज खाते हैं, दिमाग नहीं। इस पर सभी हंसने लगते हैं। इसके बाद पीएम मोदी खुद भी झालमुड़ी खाते हैं और वहां मौजूद महिलाओं को भी झालमुड़ी बांटते हैं।
पीएम मोदी ने झालमुड़ी दी तो महिला बोली-प्रसाद है सर
वीडियो के आखिर में पीएम मोदी बगल में खड़ी एक महिला को झालमुड़ी खिलाने के लिए हाथ पर रखते हैं। वह प्रणाम की मुद्रा में झालमुड़ी लेती हैं और कहती हैं कि प्रसाद है सर। इसके बाद वह महिला झालमुड़ी को अपने सिर पर चढ़ा लेती हैं।











