नई दिल्ली: बिहार सरकार ने राज्य के विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री को ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। आदेश के मुताबिक उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। गृह विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक (सुरक्षा), सहायक निदेशक आसूचना ब्यूरो और विभागीय आईटी प्रबंधक को भी भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
बढ़ाई गई दोनों उपमुख्यमंत्रियों की सुरक्षा
राज्य के विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा को लेकर 17 अप्रैल को पुलिस मुख्यालय में राज्य सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी। जिसमें दोनों उपमुख्यमंत्रियों को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने की अनुशंसा की गई थी। बता दें कि पहले दोनों नेता नीतीश कुमार सरकार में मंत्री थे। बाद में सम्राट चौधरी की सरकार में उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया और अब उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

22 पुलिसकर्मी और 4 कमांडो सुरक्षा में रहेंगे तैनात
दोनों ही नेताओं की सुरक्षा में 22 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। दरअसल Z कैटेगिरी की सुरक्षा में 22 पुलिसकर्मी तैनात होते हैं। इनमें से चार कमांडो एनएसजी, सीआरपीएफ या आईटीबीपी से लिए जाते हैं, जबकि बाकी राज्य पुलिस के जवान सुरक्षा घेरे में रहते हैं। मोबाइल सुरक्षा, घर की सुरक्षा और एस्कॉर्ट वाहनों के साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों की सुरक्षा अब और पुख्ता हो गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पहले नीतीश कुमार को बिहार सरकार की ओर से जेड प्लस सुरक्षा दी गई थी। पद छोड़ने के बाद केंद्र सरकार ने पूरे देश में उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी है।











