देहरादून: केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली सेवा बुकिंग 11 अप्रैल से शुरू होगी। इस आशय की जानकारी डीएम रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा दी गई है। श्री मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में 22 अप्रैल से 23 जून की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग किए जाएंगे। आप आईआरसीटीसी की ऑफिशल वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के जरिए बुकिंग कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हेलीसेवा की बुकिंग के नाम पर कई लोग ठगी का शिकार भी होते रहे है इसलिए यात्रियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर की बुकिंग करनी चाहिए। उन्होंने ये भी बताया कि केदारनाथ हेली सेवा के किराये की बात करें, तो गुप्तकाशी से केदारनाथ का किराया 8532 रुपये, फाटा से केदारनाथ 6062 रुपये और सिरसी से केदारनाथ 6060 रुपये है।
उल्लेखनीय है कि चारधाम यात्रा 20 अप्रैल से शुरू होने जा रही है और बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने जा रहे हैं। केदारनाथ धाम के लिए ही हेली यात्रा सेवा की सुविधा दी जाती है।













