नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान का युद्ध भीषण स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका और इजराइल ने मंगलवार को संयुक्त रूप से ईरान पर भीषण बमबारी की है। इस बमबारी में ईरान को काफी नुकसान हुआ है और 15 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। ईरानी मीडिया का कहना है कि यह बमबारी रातभर चली है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इस्राइल पर कई मिसाइलें दागी हैं। ईरान का कहना है कि उसके मिसाइल हमलों में मध्य इस्राइल में काफी नुकसान हुआ है।
US-इजराइल ने ईरान के खोर्रमाबाद हवाई अड्डे को भी बनाया निशाना
अमेरिका और इजराइल के हमलों में ईरान के खोर्रमाबाद हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है। इजराइल ने ईरानियों को चेतावनी जारी करते हुए ट्रेनों और रेलवे लाइनों से बचने को कहा है। इजराइल का कहना है कि ईरान के लोग अगर ट्रेनों और रेलवे लाइनों से दूर नहीं रहे तो उनके जीवन को खतरा हो सकता है।

ईरान के 17 रिहायशी इलाकों पर हुई जबरदस्त बमबारी
ईरानी रेड क्रिसेंट संगठन का कहना है कि अमेरिका और इजराइल ने ईरान के 17 रिहायशी इलाकों पर भीषण बमबारी की है। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस संगठन ने कहा कि नागरिकों पर हमला करने का कोई औचित्य नहीं है। अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून स्पष्ट रूप से कहते हैं कि निहत्थे नागरिकों पर हमला करना युद्ध अपराध है। हालांकि ईरान ने भी इसका जवाब दिया और इजराइल पर कई मिसाइलें दागीं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान में बड़े धमाके सुने गए हैं। इससे पहले ट्रंप ने ईरान को मंगलवार रात आठ बजे तक समझौता करने को कहा था। उन्होंने कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो ईरान के पुल और ऊर्जा संयंत्र तबाह कर दिए जाएंगे। इन हमलों को इसी धमकी के तौर पर देखा जा रहा है।












